ठंड के इस सीजन में पहली बार मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शहडोल का कल्याणपुर, अनूपपुर का अमरकंटक और कटनी का करौंदी सबसे ठंडे है। बीती रात कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा। वहीं, इंदौर इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा है। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया है। वहीं, 13 नवंबर तक वेस्टर्न हिमालयन रीजन में बारिश और बर्फबारी होगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश/भारी बर्फबारी का अलर्ट है। इसका असर खत्म होने के बाद उत्तरी हवाएं एमपी में आने लगेगी। जिससे रात के तापमान में और भी गिरावट होगी। अनुमान के मुताबिक, नवंबर के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन के अंदर न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट होने की बात कही है। टॉप-3 शहरों में पारा 11 डिग्री से कम
प्रदेश के टॉप-3 सबसे ठंडे शहर कल्याणपुर, अमरकंटक और करौंदी है। बीती रात की बात करें तो कल्याणपुर में सबसे कम 9.9 डिग्री, अमरकंटक में 10.1 डिग्री, करौंदी में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह दमोह में 11.5 डिग्री, शाजापुर से जुड़े गिरवर कस्बे में 11.8 डिग्री, इंदौर में 12.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 12.6 डिग्री, रायसेन में 12.8 डिग्री, पचमढ़ी, जबलपुर-मंडला में 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.4 डिग्री, रीवा में 13.6 डिग्री, भोपाल-खजुराहो में 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शहडोल संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री तक कम रहे। भोपाल संभाग में यह 1.9 डिग्री कम है। उत्तरी हिस्से में ग्वालियर-चंबल संभाग में पारा फिलहाल 15 डिग्री से ज्यादा ही बना हुआ है। दिवाली के बाद एक्यूआई भी बढ़ा
इधर, दिवाली के बाद प्रदेश की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच गया है। ऐसा पांच साल में तीसरी बार हुआ है। ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर, कटनी समेत अन्य शहरों में भी एक्यूआई बढ़ा है। ऐसे में रात 8 बजे के बाद ही शहरों में धुंध छा जाती है। सुबह के समय हल्का कोहरा छा रहा है। कहीं भी बारिश नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश में कहीं भी आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर रहा है। इससे दिवाली का त्योहार भी उत्साह के साथ मना। अब जानिए नवंबर में ऐसा रहता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़केगा। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 2.3 डिग्री तक जा चुका है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर में इस महीने बारिश का ट्रेंड है। इस बार नवंबर के शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट है। तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम एक्टिव होने से भी बारिश हो सकती है। अब जानिए, नवंबर में 5 बड़े शहरों का मौसम… भोपाल: 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी
नवंबर में राजधानी में रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। इंदौर: 5.6 डिग्री तक जा चुका न्यूनतम पारा
इंदौर में ठंड का असर रहता है। खासकर दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से गिरता है। इस वजह से रातें ठंडी हो जाती हैं और टेम्प्रेचर 10 से 12 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि, 25 नवंबर 1938 को पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है। कभी-कभार बारिश भी हो जाती है। दिन में 31 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। ग्वालियर: 1927 में 3 इंच पानी गिरा था
पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। 54 साल पहले वर्ष 1970 में टेम्प्रेचर 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। 2 नवंबर 2001 को दिन का तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि यह सामान्य तौर पर 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है। इस महीने बारिश भी होती है। 1927 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में 3 बार ऐसा ही मौसम रह चुका है। जबलपुर: 1946 में 6 इंच से ज्यादा बारिश
पिछले 10 साल में 2022 में न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री तक जा चुका है। ओवरऑल रिकॉर्ड 12 नवंबर 1989 को दर्ज किया गया था, तब टेम्प्रेचर 3.9 डिग्री तक पहुंच गया था। 1946 में पूरे महीने 6 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में दो बार बारिश हो चुकी है। दिन में 30 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। उज्जैन: न्यूनतम तापमान 10-11° के बीच रहता है
यहां 30 नवंबर 1974 को रात का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 6 नवंबर 2008 को दिन का तापमान 36.5 डिग्री रहा था। पिछले 10 साल की बात करें तो न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री के बीच रहा है, जबकि दिन में यह 33 से 35 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।
