सतना के नागौद में रविवार दोपहर एक युवक पर पिस्टल से तीन बार गोली चलाई गई। घटना ललचहा मोड़ के पास हुई। एक गोली युवक के पास से निकल गई, जबकि दूसरी उसके पैर में लगी। पैसों को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपी प्रिंस यादव ने उस पर फायरिंग की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल घनश्याम कुशवाहा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सेमरवारा निवासी घनश्याम कुशवाहा और बारापत्थर निवासी राजा यादव दोस्त हैं। शनिवार रात पैसों के लेनदेन को लेकर घनश्याम और प्रिंस यादव के दोस्त अभिलाष लोधी के बीच झगड़ा हुआ। इस दौरान अभिलाष ने घनश्याम को थप्पड़ मार दिया था। रविवार को घनश्याम इसी मामले की शिकायत करने नागौद थाने पहुंचा। इसकी जानकारी अभिलाष ने प्रिंस को दी। इसके बाद प्रिंस पिस्टल लेकर घनश्याम को तलाशने ललचहा में राणा यादव की दुकान पहुंचा। राणा ने घनश्याम को फोन कर बताया कि प्रिंस पिस्टल लेकर उसे तलाश रहा है। इसके बाद घनश्याम नागौद से ललचहा पहुंचा। आरोप है कि प्रिंस ने पहले गाली दी। हवाई फायर किया। फिर घनश्याम पर दो गोलियां चलाईं। पहले नागौद अस्पताल ले गए, फिर रेफर किया घायल को पहले सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस घायल के बयान के आधार पर प्रिंस की तलाश कर रही है। बारापत्थर हत्याकांड से भी जुड़ रहे तार नागौद के बारापत्थर में 5 मार्च को हुए हत्याकांड से भी इस विवाद के तार जुड़ रहे हैं। प्रिंस यादव इस मामले के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव का साथी बताया जा रहा है। वहीं, घायल घनश्याम मृतक अभय यादव के छोटे बेटे राजा का दोस्त है। अभय का बड़ा बेटा राणा इस हत्याकांड का मुख्य गवाह है। राणा ने आरोप लगाया कि जेल में बंद चंदन यादव अपने साथी प्रिंस के जरिए उसे गवाही देने से रोकने के लिए फायरिंग करवा रहा है। उसका कहना है कि इलाके में डर का माहौल बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। राणा के मुताबिक, इस मामले में उसकी गवाही 14 नवंबर को होनी है।
