Homeमध्यप्रदेशइंदौर के 50 बोरिंग के पानी में मिला ई-कोलाई बैक्टीरिया:NGT ने लिया...

इंदौर के 50 बोरिंग के पानी में मिला ई-कोलाई बैक्टीरिया:NGT ने लिया स्वतः संज्ञान, निगम को जांच और पानी के ट्रीटमेंट के निर्देश

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 36 लोगों की मौत के बाद अब शहर के निजी बोरिंग के पानी की शुद्धता को लेकर भी गंभीर चिंता सामने आई है। इंदौर के अलग-अलग क्षेत्रों में 50 से अधिक निजी बोरिंग के पानी की जांच में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने स्वतः संज्ञान लिया है। एनजीटी की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों को जांच करने तथा दूषित पानी के उपचार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जांच में सरकारी अस्पतालों, निजी छात्रावासों, आवासीय क्षेत्रों और अन्य संस्थानों के बोरवेल के पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी मिली थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद नगर निगम ने संबंधित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाकर पानी को पीने के लिए असुरक्षित घोषित किया था। कुछ स्थानों पर बोरिंग सील करने की कार्रवाई भी की गई है। NGT ने जिम्मेदार विभागों को दिए जांच के निर्देश मामले की सुनवाई एनजीटी की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच में हुई। न्यायमूर्ति शिव कुमार सिंह (न्यायिक सदस्य) और सुधीर कुमार चतुर्वेदी (विशेषज्ञ सदस्य) की पीठ ने संबंधित विभागों को बोरिंग के पानी में बैक्टीरिया की मौजूदगी से जुड़े तथ्यों की जांच करने और पानी के उपचार के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। विभागों को इस संबंध में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। भागीरथपुरा में दूषित पानी से 36 मौतों के बाद बढ़ी चिंता शहर में पेयजल की गुणवत्ता का मुद्दा पहले भी गंभीर रूप ले चुका है। भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण 36 लोगों की मौत का मामला सामने आया था। इस मामले में पांच जनहित याचिकाओं पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में सुनवाई चल रही है। हाईकोर्ट द्वारा गठित एक सदस्यीय जांच आयोग 600 से अधिक पन्नों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर चुका है। अब निजी बोरिंग के पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के मामले में एनजीटी के हस्तक्षेप के बाद शहर की पेयजल जांच, शुद्धता और निगरानी व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here