दीपावली दौज मेले में श्रद्धालुओं को मिलावटी मावा (मिल्क केक) प्रसाद के रूप में बेचने की तैयारी थी। इससे पहले ही सोमवार शाम प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने करीब 200 किलो मावा जब्त कर लिया। इसे रतनगढ़ माता मंदिर पर प्रसाद के रूप में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में सेवढ़ा नायब तहसीलदार रामनरेश आर्य, रतनगढ़ माता मंदिर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शुभांशु चौबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सबिता सक्सेना शामिल रहे। दरअसल, दीपावली दौज मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रतनगढ़ माता के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मेले में प्रसाद और अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री को देखते हुए प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी दौरान संयुक्त टीम ने मिल्क केक के परिवहन की जांच की और करीब 200 किलो मावा जब्त किया। मेले में खाद्य सामग्री की जांच जारी रहेगी प्रशासन ने मेले में प्रसाद बेचने वालों और खाद्य सामग्री का कारोबार करने वालों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सबिता सक्सेना ने बताया कि मेले के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, परिवहन और बिक्री की लगातार जांच की जाएगी। मिलावटी या अमानक खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
