दीपावली त्योहार को देखते हुए शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सोमवार शाम को खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से निकले। इसके चलते शहर के कई प्रमुख बाजारों और उनसे जुड़े मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। बाजारों में उमड़ी भीड़ का असर सड़कों पर भी देखने को मिला। कई इलाकों में बार-बार जाम की स्थिति बनी और वाहन चालकों को निकलने के लिए काफी मशक्कत करना पड़ी। शाम होते ही शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवागमन वाले क्षेत्रों में वाहनों की संख्या बढ़ने लगी। पोलो ग्राउंड, बाणगंगा क्षेत्र, भंडारी मिल तिराहा, जंजीरवाला चौराहा और राजवाड़ा सहित कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। इन क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह वाहन चालकों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लगा। प्रमुख चौराहों पर बार-बार बनी जाम की स्थिति पोलो ग्राउंड और बाणगंगा क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। वहीं भंडारी मिल तिराहे पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जंजीरवाला चौराहे पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के कारण बार-बार जाम लगता रहा। राजवाड़ा क्षेत्र में बाजारों की ओर जाने वाले खरीदारों और वाहनों की भीड़ के चलते सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया। त्योहार के दिनों में यातायात प्रबंधन की चुनौती दीपावली तक बाजारों में भीड़ और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती रहेगा। बाजारों के आसपास पार्किंग और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त यातायात बल की जरूरत महसूस हो रही है।
