धार जिले के सरदारपुर स्थित सांदीपनि विद्यालय में विभिन्न समस्याओं को लेकर शनिवार को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। विद्यार्थियों ने स्कूल से पैदल रैली निकाली और एसडीएम दफ्तर पहुंचकर तहसीलदार महेश सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार और प्रिंसिपल के रवैये पर कार्रवाई की मांग की। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि सोमवार तक मांगें पूरी न होने पर वे 45 किमी पैदल मार्च निकालकर कलेक्टर दफ्तर का घेराव करेंगे। बसों की दिक्कत और पीने के पानी की कमी ज्ञापन में विद्यार्थियों ने बताया कि बिना कोई जानकारी दिए टाइम-टेबल बदल दिया गया है। गांव से आने-जाने वाले बच्चों के लिए बसों का इंतजाम ठीक नहीं है, जिससे देर शाम घर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा का डर बना रहता है। लगातार 7 पीरियड लगने से आराम नहीं मिल पाता। इसके अलावा स्कूल में पीने का साफ पानी, लंच का सही समय और जरूरी सुविधाओं की भारी कमी है। प्रिंसिपल पर बदसलूकी और धमकी देने का आरोप विद्यार्थियों ने प्रिंसिपल जब्बरसिंह पटेल पर अपनी समस्याएं बताने पर गाली-गलौज करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में एबीवीपी के पूर्व भाग संयोजक कौशिक व्यास, राज यादव और प्रिंस यादव ने भी विद्यार्थियों की मांगों का खुलकर समर्थन किया। शासन के निर्देशों का दिया हवाला दूसरी ओर, प्रिंसिपल जब्बरसिंह पटेल का कहना है कि सरकार के आदेश के मुताबिक स्कूल में एक्स्ट्रा क्लास लगाई जा रही हैं, इसी वजह से टाइम-टेबल बदला गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के ज्ञापन की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।
