शिवपुरी जिले के बैराड़ में पुलिस ने 7.85 ग्राम स्मैक के साथ जीतेन्द्र उर्फ जीतू प्रजापति (32) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, स्मैक की कीमत करीब 80 हजार रुपए है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि 31 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि टोरिया रोड पर तालाब के सामने यात्री प्रतीक्षालय के पास एक युवक स्मैक बेचने के लिए बैठा है। सूचना की जांच के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर ने बताया कि युवक पास में बंद पड़े पुराने ढाबे के टीनशेड के नीचे तखत पर बैठा है। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम जीतेन्द्र उर्फ जीतू पिता हरज्ञान प्रजापति, निवासी गायत्री कॉलोनी, वार्ड 11, बैराड़ बताया। तलाशी में उसके पास से 7.85 ग्राम स्मैक मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 418/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
