बुरहानपुर के कादरिया स्कूल परिसर में बुधवार को 4 साल की मादा बंदरिया अपने बच्चे को सीने से लगाए घायल मिली। बच्चों ने उसे देखा और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। वन विभाग और कोतवाली-गणपति थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात में वन विभाग ने दोनों को रेस्क्यू किया और वेटनरी डॉक्टर से प्राथमिक उपचार कराया। प्रारंभिक जांच में बंदरिया के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इलाज के बाद उसकी हालत स्वस्थ बताई गई। फिलहाल मां और बच्चे को रेणुका वन डिपो में निगरानी में रखा गया है। अफसरों ने जांच का आश्वासन दिया
घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन के अजीत परदेशी ने आरोप लगाया कि किसी ने एयरगन या छर्रे वाली बंदूक से बंदरिया पर हमला किया। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की। उनके मुताबिक, अफसरों ने जांच का आश्वासन दिया है। बुरहानपुर के SDO फॉरेस्ट विनय कुमार मेश्राम ने बताया कि बंदरिया के घायल होने की पुष्टि हुई है और उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। डॉक्टरों की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि चोट छर्रे से लगी या किसी और वजह से। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। अभी चोट की वजह के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।
