धार के बदनावर के लेबड़-नयागांव फोरलेन पर पुलिया पर बने डिवाइडर से टकराने के बाद डिजायर कार में आग लग गई।हादसे में कार सवार चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। हादसा सादलपुर और खेरोद के बीच रविवार रात करीब 11:30 बजे ढाबे के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक पांचों दोस्त सागौर से सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। लौटते समय सादलपुर के पास उनकी कार पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और कार पुलिया से नीचे जा गिरी। इसके बाद कार में आग लग गई। चार युवक कार में फंसे, एक बाहर गिरा हादसे में एक युवक कार से बाहर गिर गया, जबकि चार अंदर फंस गए। आग तेजी से फैलने से चारों की मौत हो गई। घायल युवक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20), पिता विक्रम चौधरी और चेतन चौधरी (20), पिता जीवन चौधरी, निवासी धाकड़ धर्मशाला के पास, बड़ी सागौर, आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19), पिता संतोष तिवारी, निवासी चौधरी मोहल्ला, बड़ी सागौर और अभिषेक सोलंकी, पिता लक्ष्मण सोलंकी, निवासी सुहागपुर, सागौर के रूप में हुई है। हादसे में तुषार मंडलोई (20), पिता मुकेश मंडलोई, निवासी माधोपुर, सागौर घायल हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया। फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया। तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भेज दिए।
