जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में करीब 20 साल बाद छात्रसंघ चुनाव कराने की तैयारी है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 26 अक्टूबर को जारी आदेश में स्पष्ट किया कि छात्रसंघ के संविधान को मंजूरी मिलने की तारीख से 15 दिन बाद चुनाव कराए जाएंगे। यानी चुनाव की तारीख संविधान को मंजूरी मिलने के बाद तय समयसीमा के आधार पर निर्धारित होगी। 2006 में छात्रसंघ भंग किए जाने के बाद से यूनिवर्सिटी में चुनाव नहीं हुए हैं। छात्रसंघ बहाल करने और चुनाव कराने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच प्रशासन ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों को जारी किए गए सस्पेंशन और कारण बताओ नोटिस रद्द करने तथा सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए कमेटी बनाने का आदेश दिया। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों ने आदेश को अस्पष्ट बताते हुए कहा कि संविधान को मंजूरी देने की तारीख तय नहीं है। उन्होंने स्पष्ट लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
