तमिलनाडु के वेल्लोर में 52 साल के रिटायर्ड आर्मी अधिकारी बाबू को सैन्य जानकारी लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कनियामबाड़ी पुलिस के मुताबिक, बाबू ने व्हाट्सऐप के जरिए एक अज्ञात महिला को सैन्य उपकरणों और इंडियन आर्मी से जुड़ी गोपनीय जानकारी भेजी। बाबू वेल्लोर जिले के कनियामबाड़ी के पास कीझवल्लम गांव का रहने वाला है। वह 28 साल तक इंडियन आर्मी की अलग-अलग शाखाओं में सेवा दे चुका है। उसने पिछले साल आर्मी की इक्विपमेंट डिवीजन से कैप्टन पद पर रिटायरमेंट लिया था। इसके बाद वह अपने गांव कीझवल्लम में रहने लगा। महिला से व्हाट्सऐप पर संपर्क प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले एक अज्ञात महिला ने बाबू से व्हाट्सऐप पर संपर्क किया था। आरोप है कि महिला ने पहले अनुचित बातचीत के जरिए उससे संबंध बनाए। इसके बाद वह धीरे-धीरे इंडियन आर्मी से जुड़ी जानकारी मांगने लगी। बाबू ने कथित तौर पर महिला की मांगी गई जानकारी उसे भेजी। जब उसे किसी जानकारी का पता नहीं होता था, तो वह फोन पर आर्मी के दफ्तरों से जानकारी लेता था। इसके बाद वह यह जानकारी महिला को भेज देता था। उस पर पिछले एक साल से सैन्य गोपनीय जानकारी और आर्मी के उपकरणों से जुड़ी बातें लीक करने का शक है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने पूछताछ की आर्मी अधिकारियों को बाबू की गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की मदद से उससे आमने-सामने पूछताछ की। जांच के दौरान कथित तौर पर सामने आया कि बाबू पिछले एक साल से अज्ञात महिला को सैन्य मामलों से जुड़ी अलग-अलग जानकारियां भेज रहा था। केंद्रीय खुफिया अधिकारियों ने बाबू को 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके बाद 24 अक्टूबर की रात उसे वेल्लोर ग्रामीण पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। वेल्लोर ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। महिला और व्हाट्सऐप अकाउंट की जांच जांचकर्ता अब उस महिला की पहचान करने में जुटे हैं, जिसने कथित तौर पर बाबू से संपर्क किया और गोपनीय जानकारी हासिल की। वे यह भी पता लगा रहे हैं कि व्हाट्सऐप अकाउंट कौन चला रहा था। इसके अलावा, मामले में किसी विदेशी नागरिक या विदेश में मौजूद संगठन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
