नीमच रोड स्थित रॉयल टाउन कॉलोनी के 500 से अधिक रहवासियों ने बिजली-पानी की समस्या को लेकर गुरुवार सुबह महू-नीमच मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। रहवासियों के मुताबिक, कॉलोनी में पिछले 4-5 दिनों से बिजली नहीं है और पानी की भी भारी किल्लत है। लंबे समय से बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने के कारण उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा। चक्काजाम की 4 तस्वीरें देखिए… महू-नीमच मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें चक्काजाम के कारण महू-नीमच मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल बसों और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को भी रास्ते में रुकना पड़ा। यातायात प्रभावित होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। कॉलोनी में 17 साल से रह रहे, फिर भी सुविधाएं नहीं प्रदर्शन कर रहीं टीना जादौन और अन्य रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी को बसे करीब 17 साल हो चुके हैं। इसके बावजूद बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। रहवासी हर महीने 1,000 से 1,500 रुपए तक बिजली बिल भरते हैं, फिर भी पिछले 4-5 दिनों से बिजली आपूर्ति बंद है। पानी की कमी से भी बच्चों और परिवारों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। कई जगह शिकायत की, फिर भी कोई समाधान नहीं रहवासियों के अनुसार, वे बिजली-पानी की समस्या को लेकर कलेक्टर कार्यालय सहित कई जगह शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि बिजली विभाग और कॉलोनाइजर ने भी समस्या पर ध्यान नहीं दिया। इसके विरोध में गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और महू-नीमच मार्ग जाम कर दिया। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर चक्काजाम की सूचना मिलते ही किशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। बिजली विभाग के अधिकारी भी वहां पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे रहवासियों से बातचीत की। अधिकारियों ने समस्या का समाधान निकालने और चक्काजाम खत्म कर यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया।
