मऊगंज थाना क्षेत्र के पाड़र गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले राजेंद्र पटेल ने महिला के सिर पर मिट्टी खोदने वाली छोटी कुदाल से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला जमीन पर गिर गई। परिजन उसे मऊगंज के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी से विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची थी मां मृतका के पति राजेश कुमार पटेल (47) ने पुलिस को बताया कि वह पाड़र गांव में खेती करते हैं। उनके घर के सामने ही राजेंद्र पटेल का मकान है। दोनों परिवारों के बीच रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पति के मुताबिक, बुधवार की रात उनकी बेटी अंकिता गांव की ओर से घर लौट रही थी। घर के सामने पहुंचते ही राजेंद्र उससे गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगा। शोर सुनकर पत्नी अनामिका पटेल वहां पहुंचीं और बेटी से विवाद करने का कारण पूछा। आरोप है कि इस दौरान राजेंद्र ने पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उन्हें जमीन पर पटककर सिर के पीछे कुदाल से वार कर दिया। पति और बेटे ने किया बीच-बचाव शिकायत के अनुसार, इसी दौरान राजेंद्र की पत्नी शीला पटेल और भाई लालेन्द्र पटेल भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने भी पत्नी के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पति राजेश, बेटा कुलदीप और पड़ोसी शेरबहादुर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। पत्नी को गंभीर चोटें आई थीं और वह बोल नहीं पा रही थीं। परिजन उन्हें तत्काल मऊगंज के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाई ने गला दबाने का भी लगाया आरोप मृतका के भाई प्रियेश पटेल ने आरोप लगाया कि राजेंद्र सुबह से ही गाली-गलौज कर रहा था। देर शाम उसने उनकी बहन के सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। भाई के मुताबिक, इसके बाद राजेंद्र और उसकी पत्नी ने बहन के साथ मारपीट की और गला दबाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बहन की मौत हो गई। हालांकि, गला दबाने के आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। मृतका के तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिजनों के अनुसार, दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी मऊगंज थाना प्रभारी अजय खोबरागड़े ने बताया कि रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में महिला की मौत हुई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में अन्य लोगों की भूमिका और मौत के कारणों की जांच जारी है।
