मुरैना में नेशनल हाईवे- 44 पर बुधवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने सिविल लाइन थाने के कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसे पुलिस टीम ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा कर नूराबाद के पास दबोच लिया। बाइक सवार को रोकने का इशारा कर रहे थे सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि बुधवार शाम पुलिस टीम दबिश देकर लौटने के बाद रोजाना की तरह नेशनल हाईवे- 44 पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी एक बाइक सवार को रुकने का इशारा कर रहे थे। उसी समय मुरैना की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन (UP 80 HP 5447) उन्हें कुचलते हुए निकल गयाा मामले में एक्सीडेंट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम हादसे के बाद साथी पुलिसकर्मी तुरंत घायल कॉन्स्टेबल को जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि, ग्वालियर पहुंचने से पहले ही रास्ते में कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी की मौत हो गई। 12 किलोमीटर पीछा कर फिल्मी अंदाज में पकड़ा गया चालक कॉन्स्टेबल को कुचलने के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। थाना प्रभारी उदयभान यादव ने पुलिस टीम के साथ तुरंत आरोपी का पीछा शुरू किया। करीब 12 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने नूराबाद के पास वाहन को घेरकर चालक को हिरासत में ले लिया। वाहन में सब्जियां भरी हुई थीं। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह ग्वालियर में कॉन्स्टेबल का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
