Homeमध्यप्रदेशछिंदवाड़ा में पुलिस की अनूठी पहल:नवरात्रि पर युवतियों को बांटे गए निशुल्क...

छिंदवाड़ा में पुलिस की अनूठी पहल:नवरात्रि पर युवतियों को बांटे गए निशुल्क हेलमेट, चौकी प्रभारी बोले- चालान से बचने नहीं, जीवन बचाने के लिए है जरूरी

छिंदवाड़ा में नवरात्रि दुर्गा उत्सव के अवसर पर लावाघोघरी थाना क्षेत्र की चौकी सांवरी पुलिस ने यातायात जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक आफताब खान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में युवतियों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने युवतियों को बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जरूरी है। तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचना चाहिए। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने नहीं देना चाहिए। पुलिस ने समझाया कि यातायात नियमों का पालन करके स्वयं के साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। हेलमेट चालान से बचने नहीं, जीवन बचाने के लिए जरूरी चौकी प्रभारी ने युवतियों को नवरात्रि में शक्ति की उपासना के साथ सड़क सुरक्षा का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा के लिए जरूरी है। हेलमेट मिलने पर युवतियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। ये पुलिसकर्मी रहे मौजूद: कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक आफताब खान, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दुर्गेश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक नितेश ठाकुर, आरक्षक रविन्द्र दुबे, विजय सनोडिया, राम्मू सिंह, महिला आरक्षक सरिता सहित चौकी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here