Homeमध्यप्रदेशविधायक बोले- मैं गधा हूं, खुद को कहा मुर्दाबाद:'लाड़ली बहना' पर फंसे...

विधायक बोले- मैं गधा हूं, खुद को कहा मुर्दाबाद:’लाड़ली बहना’ पर फंसे पटवारी, राहुल गांधी की राह पर सिंधिया; विजयवर्गीय का अपनों पर तंज

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। विधायक से बोला युवक- हां, आप गधे हो
आपने ये कहावत तो सुनी ही होगी- खाया-पिया कुछ नहीं, गिलास तोड़ा बारह आना। शिवपुरी में भाजपा विधायक देवेंद्र जैन के साथ कुछ ऐसा ही हो गया। ऐसी नौबत आई कि उन्हें खुद को गधा कहना पड़ा। साथ ही अपने ही नाम पर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। हुआ यूं कि 27% आरक्षण की मांग को लेकर ओबीसी महासभा के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे थे। इस प्रदर्शन से विधायक का कोई लेना-देना नहीं था। वे एक मीटिंग के सिलसिले में कलेक्ट्रेट आए थे। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों से उनकी ओबीसी आरक्षण पर बात होने लगी। तभी एक युवक ने विधायक को अपनी बात समझाते हुए कहा कि मैं ग्रेजुएट लड़का हूं। पढ़ा-लिखा हूं। इस पर विधायक तपाक से बोले- मैं गधा हूं। इस पर युवक ने भी कह दिया- हां, आप गधे हो। युवक के इतना कहते ही विधायक को लेकर हूटिंग शुरू हो गई। भाजपा सरकार मुर्दाबाद, शिवपुरी विधायक मुर्दाबाद और देवेंद्र जैन मुर्दाबाद के नारे लगने लगे। इस दौरान खुद देवेंद्र जैन ने भी अपने नाम पर मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसे लोग चटकारे लेकर शेयर कर रहे हैं। कह रहे हैं कि माननीय बुरे फंस गए। लाड़ली बहना के सवाल पर फंसे पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ‘लाड़ली बहना’ के सवाल पर फंस गए। योजना से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने अपने ही अंदाज में पल्ला झाड़ लिया। हुआ यूं कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने लाड़ली बहना योजना को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 3 हजार रुपए देने का वादा करके 1500 रुपए दे रहे हैं। ये धोखा नहीं तो और क्या है। इसके बाद मीडिया ने जीतू पटवारी से सवाल किया कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है तो क्या लाड़ली बहना योजना कंटिन्यू रहेगी? क्या इस योजना की राशि बढ़ाकर 5 हजार रुपए की जाएगी? इस पर जीतू पटवारी ने कहा कि इसका जवाब सही समय पर दिया जाएगा। उनके इस जवाब पर सभी की हंसी छूट गई और माहौल थोड़ा हल्का हो गया। अब लोग तंज कस रहे हैं कि लाड़ली बहना योजना की शुरुआत पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की थी, लेकिन अब यही ‘लाड़ली बहना’ भारी पड़ रही है। सरकार पर भी और विपक्ष पर भी। कैलाश की बैठक में नहीं आए मंत्री-विधायक
इंदौर में जल संकट से निपटने के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक बुलाई, लेकिन जिले के 9 में से सिर्फ 4 विधायक ही पहुंचे। मंत्री तुलसी सिलावट भी गैरमौजूद रहे। अब इसे विधायकों की बेरुखी कहें या सियासी खींचतान, बैठक में कम मौजूदगी ने सवाल जरूर खड़े कर दिए। बैठक में साउथ इंडियन लुक में पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जब बाकी विधायकों की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल हुआ तो उनका जवाब भी कुछ रूखा-सूखा रहा। उन्होंने कहा- जो नहीं आए उनसे पूछना, मुझसे क्यों पूछ रहे हो। फिर उन्होंने आगे कहा- उनके यहां पानी की समस्या नहीं होगी। मंत्री के इस जवाब को उनका गुस्सा कहें या तंज, लेकिन सियासी गलियारों में इसकी कुछ और ही चर्चा है। कानाफूसी है कि एक बड़े नेता की नाराजगी के डर से बाकी विधायकों ने बैठक से दूरी बना ली। अब सवाल यही है कि आखिर वो बड़ा नेता कौन है, जिसकी नाराजगी के डर से जल संकट जैसी अहम बैठक से विधायकों ने किनारा कर लिया? सिंधिया को भा गया पुराने दोस्त का आइडिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भले ही कांग्रेस में नहीं हैं, लेकिन लगता है कि उन्हें अपने पुराने दोस्त RG यानी राहुल गांधी का आइडिया भा गया है। अब वे भी उन्हीं की तर्ज पर युवाओं के बीच पहुंच रहे हैं। दरअसल, 17 अक्टूबर को अशोकनगर में सिंधिया का ‘युवा अनप्लग्ड’ कॉन्सर्ट होने जा रहा है। इसके जरिए वे युवाओं से संवाद कर उनसे जुड़ने की कोशिश करेंगे। अब कांग्रेस इस बात से खुश है कि उसके नेता राहुल गांधी ने जो लाइन खींची, उनके विरोधी भी उस पर दौड़ने लगे हैं। और अब अंदर की बात.. लेडी आईएएस के अरमान पर फिरा पानी
मध्य प्रदेश में हाल ही में जारी आईएएस अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट ने कई अधिकारियों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। इनमें एक लेडी आईएएस भी शामिल हैं, जिन्हें उम्मीद थी कि वे कलेक्टर बन जाएंगी। लेकिन इस लिस्ट में उनकी यह हसरत पूरी नहीं हो सकी। ये अधिकारी अभी एक छोटे विभाग में पदस्थ हैं। इन्होंने निमाड़ के एक जिले में पोस्टिंग के लिए लॉबिंग की थी। इन्हें भरोसा भी दिलाया गया था कि आपका कलेक्टर बनना पक्का है। इसे लेकर ये अधिकारी आश्वस्त भी थीं। लेकिन जब लिस्ट सामने आई तो पता चला कि जिस जिले में पोस्टिंग के लिए इस अधिकारी ने दावेदारी की थी, वहां किसी और को पदस्थ कर दिया गया है। इनपुट सहयोग – कपिल मिश्रा (शिवपुरी), संजीव यादव (अशोकनगर), विनय यादव (इंदौर), विजय सिंह बघेल (भोपाल) ये भी पढ़ें –
भाजपा के ‘विभीषण’ को डिप्टी सीएम की चेतावनी: शिवराज के खिलाफ बोल रहे विधायक को टोका बंद कमरे में हुई बातें बाहर आईं तो भाजपा की अंदरूनी सियासत में हलचल मच गई। अब डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने साफ शब्दों में चेतावनी दे दी है कि कोर ग्रुप की बैठक की बातें बाहर लीक करने वालों को भविष्य में इस बैठक में बैठने का मौका नहीं मिलेगा। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here