मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज को उमरिया जिले के गुरुवाही गांव से लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के अकाउंट में 1500-1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 144.15 करोड़ रुपए की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। 1:10 बजे गुरवाही हेलीपैड पहुंचेंगे सीएम जारी कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11:50 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर से प्लेन से रवाना होंगे और दोपहर 12:25 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से दोपहर 12:35 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर दोपहर 1:10 बजे उमरिया जिले के गुरवाही हेलीपैड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3:45 बजे गुरवाही हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जून 2023 से अब तक 40 किस्तें जारी लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। सितंबर 2026 तक योजना के तहत 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब 14 अक्टूबर को 41वीं किस्त जारी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र सामान्य लाभार्थी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली पंजीकृत पात्र महिलाओं को योजना के प्रावधानों के अनुसार हर महीने 900 रुपए की सहायता दी जाती है। राशि आधार से जुड़े और डीबीटी सक्रिय बैंक अकाउंट में सीधे ट्रांसफर की जाती है। महिलाओं को चार बार मिली 250 रुपए की अतिरिक्त सहायता योजना के तहत अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को चार बार 250-250 रुपए की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार के फैसलों में उनकी भूमिका मजबूत करना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में 23,882.81 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। 144.15 करोड़ रुपए के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन मुख्यमंत्री गुरुवाही में कुल 144.15 करोड़ रुपए की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 87.31 करोड़ रुपए के 68 कार्यों का लोकार्पण और 56.84 करोड़ रुपए के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र: यहां 59.07 करोड़ रुपए की लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण और 32.25 करोड़ रुपए के 46 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। मानपुर विधानसभा क्षेत्र: यहां 28.25 करोड़ रुपए की लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण और 24.59 करोड़ रुपए के 22 कार्यों का भूमिपूजन होगा। युवा कांग्रेस ने काले झंडे दिखाने का ऐलान किया वहीं मुख्यमंत्री के उमरिया दौरे से पहले युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें काले झंडे दिखाने का ऐलान किया है। कांग्रेस नेता पुष्पराज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले करीब 50 नेताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने का समय भी मांगा है। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंबुज सिंह ने कहा कि धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए नहीं हुआ, नेशनल हाईवे-43 का निर्माण 12 साल से अधूरा है, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है और रोजगार नहीं मिलने से युवा पलायन कर रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर संगठन विरोध कर रहा है। थाना प्रभारी बोले- कार्रवाई करेंगे वहीं, कोतवाली पुलिस ने युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को काले झंडे नहीं दिखाने की समझाइश देते हुए ऐसा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहेंगे उपस्थित गुरुवाही में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, मानपुर विधायक मीना सिंह, बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह, सांसद हिमाद्री सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अन्नू सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। यह खबर भी पढ़ें… क्या लाड़ली बहना योजना बंद करने की तैयारी है:सीएम ने कहा- बहुत महंगी पड़ गई, इसके मायने क्या; फंसा महसूस कर रही सरकार? भोपाल के रवींद्र भवन में रविवार को बुंदेली समागम हुआ। एक कंटेंट क्रिएटर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लाड़ली बहना योजना को लेकर सवाल पूछा। जवाब में मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज में कहा, ‘लाड़ली बहना ही बहुत महंगी पड़ गई। मुझे क्या पता था कि मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ती है।’ मजाक अपनी जगह है, लेकिन सीएम ने ये क्यों कहा कि योजना ‘महंगी’ पड़ गई? क्या अब हितग्राही महिलाओं को 3000 रुपए नहीं मिलेंगे? क्या है इनसाइड स्टोरी, समझेंगे मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर में…पढ़ें पूरी खबर
