Homeविदेशपाकिस्तान में ट्रेन पटरी से उतरी, 6 की मौत:30 घायल; कराची से...

पाकिस्तान में ट्रेन पटरी से उतरी, 6 की मौत:30 घायल; कराची से पेशावर जा रही थी; 5 साल में 500 से ज्यादा रेल हादसे

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। ट्रेन सुबह करीब 5:15 बजे शेर शाह इलाके में पटरी से उतरी। रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, 13 डिब्बों को हादसे वाली जगह से हटा दिया गया है। पाकिस्तान में रेल हादसों का सिलसिला पुराना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 5 साल में देश में 500 से ज्यादा रेल हादसे दर्ज किए गए हैं। हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें प्रधानमंत्री शहबाज ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने को कहा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में घायल यात्रियों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को बिना देरी के बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने को भी कहा। ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ने के साथ पाकिस्तान रेलवे और संबंधित अधिकारी ज्यादा जानकारी दे सकते हैं। पाकिस्तान में पहले भी हुए कई बड़े रेल हादसे पाकिस्तान में रेलवे की खराब हालत, पुराने ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की समस्याओं के बीच कई बड़े रेल हादसे हो चुके हैं। कुछ हादसों में दर्जनों, तो कुछ में 100 से ज्यादा लोगों की जान गई। 13 जुलाई 2005: तीन यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं। हादसे में कम से कम 130 लोगों की मौत हुई और करीब 170 लोग घायल हुए। 19 दिसंबर 2007: कराची एक्सप्रेस के 16 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। हादसे में 50 लोगों की मौत हुई और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए। 11 जुलाई 2019: क्वेटा जा रही अकबर एक्सप्रेस एक मालगाड़ी से टकरा गई थी। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई और 85 लोग घायल हुए। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन का ट्रैक बदलने में देरी हादसे की वजह बनी थी। 31 अक्टूबर 2019: तेजगाम एक्सप्रेस के तीन डिब्बों में आग लग गई थी। इस हादसे में 74 लोगों की मौत हुई और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों के खाना बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे गैस सिलेंडर में धमाके के बाद आग लगी थी। 28 फरवरी 2020: कराची से आ रही पाकिस्तान एक्सप्रेस एक बस से टकरा गई थी। हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए। 7 जून 2021: दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं। हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए। पांच साल में 537 रेल हादसे पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (APP) की जून 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 2019 से 2023 के बीच कुल 537 रेल हादसे दर्ज किए गए। इनमें से 313 हादसों में लोगों की मौत हुई या उन्हें गंभीर चोटें आईं। ——————– ये खबर भी पढ़ें… सऊदी अरब पर 10 साल में सबसे बड़ा हमला:हूती विद्रोहियों ने रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल दागी, भारतीय समेत 13 लोगों की मौत यमन के हूती विद्रोहियों ने शनिवार रात सऊदी अरब में रियाद एयरपोर्ट पर हमला किया। इसमें एक भारतीय समेत 13 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा घायल हुए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here