पन्ना में भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के निवास के सामने खड़ी उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी में सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने तोड़फोड़ कर दी। वाहन (एमपी 35 जेडसी 1673) के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए गए। गाड़ी पर लगी नेम प्लेट और भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के फूल को भी क्षतिग्रस्त किया गया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पत्थरों से गाड़ी पर किया हमला जानकारी के अनुसार, कार भाजपा जिला अध्यक्ष के घर के सामने खड़ी थी। रात में अज्ञात लोगों ने भारी पत्थरों से वाहन पर हमला किया। तोड़फोड़ में गाड़ी के आगे और पीछे के सभी शीशे चकनाचूर हो गए। हमलावरों ने वाहन पर लगी आधिकारिक नेम प्लेट और कमल के निशान को भी नुकसान पहुंचाया। राजनीतिक रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद शहर में हलचल है। शुरुआती जांच में राजनीतिक रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। हालांकि, तोड़फोड़ के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से अंतिम जानकारी सामने आना बाकी है।
