नर्मदापुरम शहर के बालागंज क्षेत्र में जुआ पकड़ने गई पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक जुआरी की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और समाजजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और तबीयत बिगड़ने के बाद उसे मौके पर अकेला छोड़कर जाने के आरोप लगाए। सोमवार रात करीब 10:30 बजे परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। यहां शव रखी गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी और जुआ पकड़ने गई पुलिस टीम के चार कर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की। रात 12:30 बजे तक थाने के सामने सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा रही और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी होती रही। ASP के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम के लिए ले गए शव थाने के घेराव की सूचना पर एएसपी अभिषेक राजन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक और सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला समेत अन्य थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने थाने के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था की। एएसपी अभिषेक राजन ने परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराने और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चुरी रूम में ले गए। जुआ फड़ पर दबिश में 5 आरोपी पकड़े: पुलिस एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि जुआ फड़ संचालित होने की सूचना पर पुलिस टीम को भेजा गया था। दबिश के दौरान आरोपी भागने लगे, जिनमें से पांच को पकड़ा गया। मौके से 50 हजार रुपए भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, सूचना थी कि नासिर जुआ खिला रहा था। नासिर के खिलाफ जुआ, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 18 अपराध दर्ज हैं। इनमें जुए के 11 मामले शामिल हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। परिजनों का आरोप- नासिर को मौके पर छोड़कर चले गए पुलिसकर्मी परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी नासिर को मौके पर छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा कि तबीयत बिगड़ने के बाद वह करीब 10 से 15 मिनट तक मौके पर पड़ा रहा। बाद में वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाकर निजी अस्पताल पहुंचाया। परिजन इसी मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया है। मृतक को पहले भी आ चुका था हार्ट अटैक जानकारी के मुताबिक, नासिर को पहले भी हार्ट अटैक आ चुका था और उसकी बायपास सर्जरी भी हुई थी। उसका इलाज डॉक्टर श्रीराम अग्रवाल के पास चल रहा था। फिलहाल, मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच भी की जा रही है।
