अनूपपुर में रविवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई। पहले दिन घट स्थापना के साथ मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। जिले भर में 367 जगहों पर मां दुर्गा की मूर्तियां बैठाई गई हैं। त्योहार के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस ने 22 से ज्यादा अतिरिक्त बल तैनात किए हैं। सोमवार को नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा होगी। इस बार मां दुर्गा का वाहन हाथी है, जिसे सुख, शांति और अच्छी फसल का संकेत माना जाता है। उधर अमरकंटक में श्री कल्याण सेवा आश्रम से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मां नर्मदा मंदिर तक पहुंची। रथ पर मां दुर्गा की आठ भुजाओं वाली मूर्ति सजाई गई थी और कलाकारों ने रास्ते भर शानदार प्रस्तुतियां दीं। नर्मदा जल से मूर्तियों को स्नान कराकर पूजा-पाठ शुरू किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को समेत कई लोग मौजूद रहे। वहीं मां नर्मदा की उद्गम स्थली पर भी मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। मंदिर में जलीं 301 ज्योतियां शाम के समय मंदिर परिसर में विशेष पूजा की गई। मंदिर के पुजारी कामता प्रसाद द्विवेदी की देखरेख में शाम को 301 घी के दीपक जलाए गए। इसके साथ ही 301 कलश स्थापित कर पूरे विधि-विधान से जवारे बोए गए। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव में दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
