नवरात्र शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर गरबा इवेंट, ड्रेस और डांस क्लास के साथ अब ‘Rent A Garba Partner’ के पोस्ट भी सामने आ रहे हैं। भोपाल और इंदौर से जुड़े कुछ अकाउंट्स पर गरबा खेलने के लिए पार्टनर उपलब्ध कराने के अलग-अलग पैकेज बताए गए हैं। इनमें 2 घंटे, पूरा दिन और 3 दिन तक साथ रहने के पैकेज शामिल हैं। पोस्ट में इनकी कीमत 1,000 से 6,500 रुपए तक बताई गई है। इन पोस्ट में सिर्फ गरबा खेलने की बात नहीं है। पार्टनर के साथ डांस सीखने, सेल्फी और फोटो खिंचवाने, इंस्टाग्राम रील बनाने, मैचिंग आउटफिट और सोशल मीडिया के लिए कंटेंट तैयार करने जैसी सुविधाओं का भी जिक्र है। कुछ पोस्ट में व्यक्तिगत नजदीकी से जुड़े ऑफर भी लिखे गए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। कहीं ‘वैकेंसी’, कहीं सीधे DM का ऑफर एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है- “Vacancy available for dandiya partner, Apply now”। इसके साथ गरबा करते कपल की तस्वीर और “DM for collab” लिखा है। यानी इसे सोशल मीडिया कोलैबोरेशन के तौर पर पेश किया गया है। दूसरे पोस्ट में “Rent A Garba Partner-This Navratri, don’t dance alone!” लिखा है। इसमें अलग-अलग अवधि और कीमत के पैकेज बताए गए हैं। पोस्ट के मुताबिक इनमें गरबा खेलने के साथ फोटो, रील्स, डांस सिखाने और मैचिंग कपड़ों जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कुछ पोस्ट में घर तक सुरक्षित छोड़ने जैसी सुविधा का भी दावा किया गया है। ‘गरबा पार्टनर मैच भोपाल’ में बुकिंग नहीं, मैचिंग का दावा भोपाल से जुड़ा ‘गरबा पार्टनर मैच भोपाल’ नाम का एक Instagram अकाउंट भी सामने आया है। प्रोफाइल पर “Don’t attend Garba solo this year” और “Safe and Verified Profiles” लिखा है। यहां लोगों से Google Form भरकर डांडिया पार्टनर तलाशने के लिए कहा गया है। स्क्रीनशॉट में अकाउंट पर चार पोस्ट और 187 फॉलोअर्स दिखाई दे रहे हैं। प्रोफाइल में इसे Dandiya 2026 की कम्युनिटी बताया गया है। यह मॉडल रेंट वाले पैकेज से अलग है। इसमें किसी पार्टनर को सीधे पैसे देकर बुक करने के बजाय लड़के-लड़कियों को आपस में मैच कराने की बात कही गई है। फॉर्म में नाम, उम्र, इंस्टाग्राम आईडी और एरिया की जानकारी इस अकाउंट से जुड़े Google Form में नाम, Instagram यूजरनेम और उम्र पूछी जा रही है। इसके बाद भोपाल में रहने वाले एरिया की जानकारी भी मांगी गई है। फॉर्म में दावा किया गया है कि यह जानकारी निजी रखी जाएगी और बिना अनुमति किसी की Instagram ID शेयर नहीं की जाएगी। हालांकि, ऐसे में सवाल उठता है कि यह डेटा किसके पास जा रहा है, इसे कौन संभाल रहा है और प्रोफाइल को किस आधार पर ‘Verified’ बताया जा रहा है। फर्जी प्रोफाइल या किसी विवाद की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी स्पष्ट नहीं है। कुछ पैकेज में निजी नजदीकी के ऑफर भी कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में सामान्य गरबा पार्टनर से आगे व्यक्तिगत और रोमांटिक सुविधाओं का भी उल्लेख है। एक 2,000 रुपए के पैकेज में गरबा के बाद ‘फोरहेड किस’ यानी माथे पर चुंबन का जिक्र किया गया है। इसी तरह 1,500 रुपए के एक ‘गोल्ड पैकेज’ में दोस्तों को ‘भाई’ और ‘भाभी’ बुलाने का विकल्प बताया गया है। हालांकि ये सभी सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावे हैं। वास्तव में ऐसी सेवाएं उपलब्ध हैं या इनका इस्तेमाल कितना हो रहा है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। 21 से ज्यादा अकाउंट्स के पोस्ट खंगाले भोपाल और इंदौर से जुड़े 21 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स के पोस्ट और स्क्रीनशॉट सामने आए हैं। इनमें गरबा पार्टनर, पैकेज या पार्टनर मैचिंग से जुड़े ऑफर बताए गए हैं। इन अकाउंट्स को मैसेज भेजकर यह जानने की कोशिश की गई कि सेवा कैसे काम करती है, कितने लोग संपर्क कर चुके हैं, बुकिंग कैसे होती है और भुगतान किस तरह लिया जाता है। अकाउंट संचालकों के जवाब का फिलहाल इंतजार है। इसलिए यह दावा करना जल्दबाजी होगी कि सोशल मीडिया पर दिए गए सभी ऑफर वास्तव में पैसे लेकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें से कुछ पोस्ट सिर्फ वायरल कंटेंट या सोशल मीडिया एंगेजमेंट बढ़ाने के लिए भी हो सकते हैं। लड़कों से 100, लड़कियों से 50 रुपए फीस का दावा कुछ अकाउंट्स पर पार्टनर मैच कराने के लिए अलग पेड सर्विस का भी विकल्प बताया गया है। इसमें लड़कों से 100 रुपए और लड़कियों से 50 रुपए फीस लेने का दावा किया गया है। एक पोस्ट में यह भी कहा गया है कि मैच होने पर पहली डेट का खर्च दिया जाएगा। हालांकि इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। एक्सपर्ट: अकेलापन ही वजह नहीं, सोशल वैलिडेशन भी सीनियर सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के अनुसार किसी व्यक्ति के पार्टनर बुक करने के पीछे सिर्फ अकेलापन या रिश्ता न होना ही वजह नहीं होती। सामाजिक जुड़ाव की जरूरत, किसी खास अनुभव को अकेले मिस न करने की इच्छा और सोशल मीडिया पर खुद को कपल के रूप में प्रस्तुत करने की चाह भी इसके पीछे हो सकती है। उनके मुताबिक गरबा जैसे सामाजिक आयोजन में दोस्तों के साथ कपल बनकर जाना और उसकी फोटो-रील्स सोशल मीडिया पर शेयर करना ‘सोशल वैलिडेशन’ की जरूरत से भी जुड़ा हो सकता है। यूजर सावधानी बरतें सोशल मीडिया पर किसी भी गरबा पार्टनर सर्विस से जुड़ने से पहले अकाउंट की विश्वसनीयता और संचालक की पहचान की जांच करना जरूरी है। नाम, उम्र, पता, मोबाइल नंबर या Instagram जैसी निजी जानकारी साझा करने से पहले यह जरूर देखें कि जानकारी किसके पास जा रही है और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से होगा। किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले सेवा और सामने वाले की पहचान की पुष्टि करना भी जरूरी है।
