टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ तहसील के रानीपुरा गांव में बारिश के दौरान मानसागर तालाब का रास्ता पानी में डूब जाता है। पुल नहीं बनने से परेशान ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर प्लास्टिक के ड्रम, बांस और रस्सी की मदद से करीब 80 फीट लंबा अस्थायी तैरता पुल बना लिया है। अब इसी पुल से रोजाना ग्रामीण आवागमन कर रहे हैं। बच्चे स्कूल, ग्रामीण अस्पताल-बाजार जाने को मजबूर ग्रामीणों के अनुसार गांव से बाहर जाने वाला दूसरा रास्ता कई किलोमीटर लंबा और जर्जर है। बारिश में वहां कीचड़ होने से निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बच्चे इसी ड्रम के पुल से स्कूल जाते हैं, जबकि ग्रामीण अस्पताल, बाजार, मुक्तिधाम और खेतों तक पहुंचने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीण बोले- कई बार आवेदन के बाद भी नहीं बना रमेश, सुमेरा और रानी केवट ने बताया कि पुल निर्माण के लिए नेताओं से लेकर शासन और प्रशासन तक कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार ग्रामीणों ने खुद चंदा जुटाया और पानी के ऊपर चलने के लिए यह अस्थायी पुल तैयार कर लिया। सीईओ बोले-जल्द होगा समाधान जिला पंचायत सीईओ विशाल धाकड़ ने बताया कि ग्रामीणों ने ड्रमों के ऊपर पुलनुमा आकृति बनाई है, जिस पर चलकर लोग पानी पार कर रहे हैं। मामले का संज्ञान लिया गया है। ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
