मध्यप्रदेश के भिंड में बिजली कंपनी(मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी) में विजिलेंस की जिम्मेदारी संभाल रहे उपमहाप्रबंधक (DGM) नितिन डोंगरे पर नर्सिंग ऑफिसर ने बाथरूम में मोबाइल कैमरा छिपाकर अपना VIDEO बनाने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और अधिकारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। महिला स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग ऑफिसर है और मुरैना जिले की रहने वाली है। वह अटेर रोड स्थित एक कॉलोनी में बिजली कंपनी में पदस्थ अधिकारी के मकान में किराए से रहती है। महिला मकान के निचले तल पर रहती है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके हिस्से के बाथरूम में पानी नहीं आ रहा था। इस पर मकान मालिक ने उसे ऊपर बने बाथरूम का इस्तेमाल करने के लिए कहा। इसके बाद वह ऊपर के तल पर नहाने गई थी। मोबाइल में रिकॉर्डिंग करने का हुआ शक महिला का आरोप है कि उसके बाथरूम में जाने से पहले मोबाइल का कैमरा चालू कर उसे छिपाया गया था। नहाते समय इसी मोबाइल से उसकी रिकॉर्डिंग की गई। महिला के मुताबिक, नहाने के बाद जब वह बाथरूम से बाहर निकली तो उसने DGM नितिन डोंगरे को मोबाइल उठाने के लिए आते देखा। उसे मोबाइल में रिकॉर्डिंग किए जाने का संदेह हुआ। मोबाइल देखा तो उसमे मिला VIDEO महिला ने मोबाइल अपने कब्जे में लिया तो उसमें नहाते समय का VIDEO रिकॉर्ड मिला। इसके बाद महिला ने आपत्ति जताते हुए कोतवाली थाने में शिकायत की। पुलिस ने नितिन डोंगरे के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील वीडियो बनाए जाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मोबाइल को जांच के लिए कब्जे में लिया है। VIDEO रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। टीआई बोले- DGM हिरासत में, हो रही पूछताछ कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि बिजली कंपनी के उपमहाप्रबंधक नितिन डोंगरे के खिलाफ महिला की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। CSP ने कहा- FIR के बाद होगी विवेचना CSP निरंजन राजपूत ने बताया कि एक फरियादिया ने कोतवाली में लिखित आवेदन दिया है। इसमें उसने भिंड जिले के आयुष विभाग में पदस्थ एक व्यक्ति पर तांक-झांक करने और VIDEO बनाने का आरोप लगाया है। महिला के आवेदन के आधार पर कोतवाली में FIR की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
