हरियाणा के रोहतक में भाजपा नेत्री दीपिका नारा के पति प्रदीप नारा का सुसाइड नोट सामने आ गया है। इसमें प्रदीप तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। लिखा- मेरी मृत्यु के लिए महेंद्र सिंह, रोहित और महिपाल सिंह जिम्मेदार हैं। इन लोगों ने जानबूझकर ऐसे हालात पैदा कर दिए ताकि मैं मरने पर मजबूर हो जाऊं। दिसंबर 2025 में मुझे होटल से अगवा कर जान से मारने की कोशिश की। मरा समझकर जंगल में फेंक दिया। उधर, पुलिस ने इसी सुसाइड नोट और मृतक के पिता देवेंद्र नारा की शिकायत के आधार पर परिवार से ही जुड़े 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया, जिसमें इन तीनों लोगों के नाम भी हैं। गुरुवार को यह एफआईआर दर्ज होने के बाद ही परिवार ने प्रदीप के शव का शाम को अंतिम संस्कार किया। बता दें कि प्रदीप ने 30 सितंबर की शाम अंबेडकर चौक स्थित कांग्रेस भवन के बाहर सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। मौके पर पहुंचे परिवार ने इसे मर्डर बताया था। 32 करोड़ रुपए हड़पने का भी जिक्र किया था। प्रदीप के सुसाइड नोट में ये बातें लिखीं… “मेरी मृत्यु के लिए महेंद्र सिंह, रोहित व महिपाल सिंह जिम्मेदार हैं। सेफ्ट 2025 में जमा किए बिल लगभग 2.88 करोड़ की पेमेंट अब तक नहीं की। पैसे मांगने पर दिसंबर 2025 में मुझे होटल से अगवा कर जान से मारने की कोशिश की। उमरिया मध्य प्रदेश में उसके बाद मेरे प्लॉट जो कटनी में है ,उसको अपने आप से डिस्प्यूट बताने लगे। कहीं मैं प्लाट को बेचकर कर्ज मुक्त ना हो जाऊं। पेमेंट देने के समय अब चेक बाउंस करवाए। इन्होंने जानबूझकर ऐसे हालात पैदा कर दिए ताकि मैं मरने पर मजबूर हो जाऊं। इनके साथ जो उमरिया केस में अन्य आरोपी है, वह भी जिम्मेदार है। मुझे पुलिस प्रशासन और कानून पर पूरा भरोसा है, जो इन पर सख्त कार्रवाई कर इनको सजा देगा।” प्रदीप के पिता ने बताई मध्य प्रदेश में हुआ पूरा घटनाक्रम पिता बोले- 32 करोड़ 8 लाख के चेक हो चुके थे बाउंस देवेंद्र नारा ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें पेमेंट के चेक दे रखे थे, जिसमें से प्रदीप नारा की कंपनी पीके कंस्ट्रेक्शन के 17 करोड़ 70 लाख व उसके 14 करोड़ 38 लाख रुपए के चेक शामिल हैं। करीब डेढ़ लाख रुपए का चेक 25 सितंबर को लगाया था, जो क्लीयर हो गया। देवेंद्र नारा ने कहा कि जब मोटी रकम के चेक बैंक में लगाए तो पता चला कि आरोपियों के खाते में पैसे नहीं है। इसके बाद जब 28 सितंबर को दोबारा चेक लगाए तो आरोपियों ने पेमेंट को रूकवा दिया, जिसके कारण चेक बाउंस हो गए। चेक बाउंस होने का केस वह कोर्ट में करना चाहते थे, जिसके लिए कोर्ट में वकील को फाइल देने गए थे। एसएचओ बोले- आरोपियों की तलाश जारी आर्य नगर थाना एसएचओ सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा में 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें रोहित नारा, महेन्द्र नारा उर्फ महेन्द्र सिंह, हर्ष नारा, दीपक नारा, अजय नारा, अभिमन्यु नारा, महिपाल नारा उर्फ महिपाल सिंह, महाबीर सहावत, सविन्द्र और आशीष पांडेय शामिल हैं। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है, ताकि पूरे मामले का खुलासा किया जा सके। ———————- ये खबर भी पढ़ें… रोहतक में BJP नेत्री के पति का सुसाइड:0001 नंबर की स्कॉर्पियो में मिला शव; पिता बोले- ₹32 करोड़ के चेक बाउंस, हत्या हुई रोहतक में कांग्रेस ऑफिस के बाहर 0001 नंबर की स्कॉर्पियो में भाजपा नेत्री के पति ने गोली मारकर सुसाइड कर लिया। युवक की पहचान जनता कॉलोनी निवासी प्रदीप के रूप में हुई। प्रदीप की पत्नी दीपिका BJP से पार्षद रह चुकी हैं। (पूरी खबर पढ़ें)
