बुरहानपुर के नायर गांव में तीन दिन से एक पेड़ पर बैठी मादा रीछ को वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। शनिवार से रीछ के पेड़ पर होने की वजह से गांव में चिंता का माहौल था। सोमवार शाम इंदौर से आई टीम ने यह रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग ने इंदौर से एक्सपर्ट रेस्क्यू टीम बुलाई। टीम ने सावधानी बरतते हुए रीछ को बिना किसी चोट के पेड़ से नीचे उतार लिया। एसडीओ विनय कुमार मेश्राम ने बताया कि पकड़ी गई रीछ मादा है और गर्भवती है। मेडिकल जांच के बाद उसे सुरक्षित घने जंगल में छोड़ा जाएगा, ताकि वह अपने प्राकृतिक माहौल में रह सके।
