भिंड के उमरी थाना क्षेत्र के कनावर गांव में शुक्रवार शाम गणेश विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में तीन युवक डूब गए। हादसा शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुआ। तीनों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, कनावर गांव में गणेश उत्सव चल रहा था। शुक्रवार को हवन-पूजन के बाद ग्रामीण गणेश प्रतिमा लेकर क्वारी नदी पहुंचे थे। इसी दौरान युवाओं की टोली भी प्रतिमा लेकर नदी पर पहुंची। विसर्जन के दौरान तीनों युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए और पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की प्रत्यक्षदर्शियों ने युवकों को डूबते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद तैरना जानने वाले ग्रामीण नदी में उतरे और उन्हें तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों के मुताबिक, जिस जगह युवक पानी में उतरे थे, वहां पानी गहरा था। हादसे के समय नदी किनारे पुलिस जवान या गोताखोर तैनात नहीं थे। तेज बहाव के कारण ग्रामीणों को भी नदी में उतरकर तलाश करने में परेशानी हुई। तीनों युवक कनावर गांव के रहने वाले हैं डूबने वालों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के रूप में हुई है। तीनों कनावर गांव के रहने वाले हैं। SDRF की टीम खोजने में जुटी घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की जानकारी ली। नदी का बहाव तेज होने के कारण युवकों की तलाश में परेशानी आ रही है। पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को बुलाया है। टीम के पहुंचने के बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। हादसे के बाद कनावर गांव में गणेश विसर्जन की खुशियां मातम में बदल गईं। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं। परिजन युवकों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
