बालाघाट शहर के मोती उद्यान में बच्चों के मनोरंजन के लिए एक नई टॉय ट्रेन रविवार को शुरू की गई। शाम करीब 5:30 बजे नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने दो ओपन डिब्बों वाली इस टॉय ट्रेन का औपचारिक उद्घाटन किया। टॉय ट्रेन के स्टेशन का नाम जिले की खास पहचान पर ‘टाइगर’ रखा गया है। ऐसे आदिवासी बच्चे जो छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, महीने में 2 बार उन्हें फ्री में टॉय ट्रेन में घूमने का मौका मिलेगा। बाकी हर बच्चे के लिए 10 रुपए टिकट का रेट रहेगा। उद्घाटन के बाद नपाध्यक्ष भारती ठाकुर ने अंग्रेजी माध्यम छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे दूरदराज के आदिवासी बच्चों के साथ टॉय ट्रेन की पहली यात्रा की। शिक्षकों ने बताया कि हॉस्टल के 100 में से 7 बच्चों ने जिंदगी में पहली बार कोई ट्रेन देखी थी। पहली बार टॉय ट्रेन में बैठकर सफर करने से मासूमों के चेहरे खिल उठे। नपाध्यक्ष ने ऐलान किया कि महीने में एक से दो दिन इन छात्रावास के आदिवासी बच्चों को मुफ्त में टॉय ट्रेन की सैर कराई जाएगी। मोती उद्यान में जल्द लगेगा ओपन जिम और मनोरंजन के साधन नपाध्यक्ष भारती ठाकुर ने बताया कि मोती उद्यान को संवारने का काम तेजी से चल रहा है। उद्यान में पाथ-वे बनाने और मियावकी तकनीक से पौधारोपण के बाद अब टॉय ट्रेन शुरू की गई है। आने वाले दिनों में यहां ओपन जिम और बच्चों के लिए नए खेल-खिलौने भी लगाए जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व नपाध्यक्ष रमेश रंगलानी, वैभव कश्यप, ओबीसी कल्याण आयोग सदस्य मौसम बिसेन, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, सभापति समीर जायसवाल, वकील वाधवा समेत कई पार्षद, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
