देवास जिले में हाटपीपल्या के रोजड़ी गांव में एक किसान पर तेंदुआ ने हमला कर दिया। किसान का दावा है कि तेंदुआ उनके सीने पर बैठ गया और भुजाओं पर मुंह से हमला किया। किसी तरह धक्का देकर तेंदुआ को दूर किया तो वो भाग गया। किसान का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 55 वर्षीय अचपाल सिंह ने बताया कि वे शुक्रवार को खेत पर मवेशी चरा रहे थे, तभी तेंदुआ आया और उन्हें जमीन पर पटक दिया। फिर सीने पर बैठ गया। उसने दांतों से सीने और पंजों से हाथ-कंधे पर हमला किया। अचपाल करीब दो मिनट तक तेंदुए से भिड़ते रहे। उन्होंने पूरी ताकत से उसे धक्का दिया, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। अचपाल के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्हें बाइक से गांव लाया गया। इसके बाद कार से देवास जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। उनके सीने, हाथ और कंधे पर चोट आई है। घटना के बाद गांव में तेंदुए को लेकर दहशत का माहौल है। एक-दो महीने पहले भी किया था हमला ग्रामीणों के मुताबिक रोजड़ी और आसपास के इलाके में पिछले कुछ समय से तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। करीब एक-दो महीने पहले भी तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला किया था। इस घटना में भी वह घायल हुआ था। लगातार तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीण खेतों पर जाने में डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। साथ ही खेतों में जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।
