इंदौर में एक ही परमिट पर 2 गाड़ियों में ले जा रहे अवैध बीयर को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों गाड़ियां और अवैध शराब जब्त करने के साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गाड़ियां मक्सी से धार की तरफ जा रही थी। 2800 कार्टूनों में 80 लाख की बीयर भरी हुई थी। पुलिस ने एक ट्रक और आयशर सहित 1 करोड़ का सामान जब्त किया है। शनिवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया है। डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि अवैध शराब के खरीदी-बिक्री और ट्रांसपोर्ट करने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए लसूड़िया टीआई तारेश सोनी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। जिसके बाद टीम ने ये कार्रवाई की। टीम ने एक ट्रक और एक आयशर देवास तरफ से इंदौर बायपास पर होटल एटपीएम के सामने आते दिखे। जिन्हें रोककर चेक किया गया तो दोनों गाड़ियों में बोल्ट सुपर स्ट्रांग बीयर कार्टूनों में भरी हुई थी। ट्रक चालक से उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम काशीराम (38) पिता माल सिंह डाबर निवासी श्रीनाथ कॉलोनी पीथमपुर जिला धार और आयशर चालक ने अपने नाम शेख अजगर (50) पिता अशरफ निवासी ग्राम झोकर थाना मक्सी जिला शाजापुर होना बताया। एक जैसा परमिट दिखाने लगे भारी मात्रा में शराब देख पुलिस ने बीयर के ट्रांसपोर्ट के संबंध में डॉक्यूमेंट्स मांगे तो दोनों ही चालक अलग-अलग एक जैसा परमिट दिखाने लगे। दोनों से एक ही परमिट पर एक ही कंपनी की बीयर का ट्रांसपोर्ट करने के बारे में पूछताछ की, लेकिन वे बराबर जवाब नहीं दे पाए। दोनों आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कायमी कर दोनों को गिरफ्तार कर अवैध बीयर जब्त की। अवैध बीयर की कीमत 80 लाख रुपए है, जबकि दोनों गाड़ियों को मिलाकर पुलिस ने 1 करोड़ रुपए का सामान जब्त किया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर जानकारी निकाल रही है। एक गाड़ी को खराब होना बताया डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि ये जानकारी भी सामने आई है, इसमें एक गाड़ी को खराब बताकर दूसरी गाड़ी में माल लोड करना बताया गया। मगर दोनों ही गाड़ियों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। ये गाड़ी शाजापुर जिले में मक्सी के पास वेयरहाउस से शराब लेकर धार की तरफ ट्रांसपोर्ट की जा रही थी। आरोपियों से पूछताछ कर और भी जानकारी निकाली जा रही है। इसमें धारा भी बढ़ाई जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि नेमावर रोड़ पर एक वेयर हाउस पर ये बिल्टी बनी थी। इसकी भी तस्दीक की जा रही है।
