भोपाल राजधानी में जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही सामने आने के बाद कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़ को निलंबित कर दिया गया है। उनके साथ बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत पर भी कार्रवाई की गई है। तीनों को लाइन अटैच करने के साथ निलंबित किया गया है। कार्रवाई चौक बाजार में जुए के अड्डे पर एसीपी कोतवाली संतोष पटेल की टीम द्वारा की गई दबिश के बाद हुई। एसीपी ने दबिश देकर पकड़े थे दर्जनभर से ज्यादा जुआरी जानकारी के मुताबिक गत दिवस एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने अपनी टीम के साथ चौक बाजार क्षेत्र में जुए के अड्डे पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दर्जनभर से अधिक जुआरियों को पकड़ा था। मौके से करीब सवा दो लाख रुपए भी जब्त किए गए थे। कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों ने जुए के अड्डे के संचालन और स्थानीय पुलिस की भूमिका की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि क्षेत्र में जुआ चलने की जानकारी होने के बावजूद उसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कई बार निर्देश के बावजूद नहीं रुका जुआ जुआ बंद कराने को लेकर आला अधिकारियों की ओर से पहले भी निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई। जांच में थाना प्रभारी प्रभात गौड़ पर जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों की भी पड़ताल की गई। इसी आधार पर डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने थाना प्रभारी के साथ बीट और माइक्रो बीट स्तर के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। इससे पहले बजरिया TI भी हो चुकीं निलंबित जुए के मामले में भोपाल पुलिस की ओर से थाना स्तर के अधिकारियों पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव को भी निलंबित किया गया था। उन पर भी जुआरियों को संरक्षण देने के आरोप सामने आए थे। एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने कोतवाली थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की पुष्टि की है। पुलिस अब जुए के अड्डे से जुड़े अन्य लोगों और लंबे समय से चल रही गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
