भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली MP यात्रा होगी। वे उज्जैन में 25 लाख दीप प्रज्वलित करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दौरान उनकी आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात हो सकती है। वहीं, 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले भाजपा नितिन नवीन के जरिए युवाओं के बीच बड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी में है। उज्जैन में भागवत के कार्यक्रम में शामिल होंगे नितिन नवीन आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन प्रवास पर रहेंगे। 17 सितंबर को दोपहर उज्जैन पहुंचने के बाद वे महाकाल परिसर, अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा कोयला फाटक स्थित मनोरमा महाकाल गार्डन में संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं और प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। 18 सितंबर को देवास रोड स्थित गीता भवन में सुबह 11 बजे सेवाज्ञ संस्थानम् द्वारा आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ में युवाओं को संबोधित करेंगे। नितिन नवीन के इन कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है, हालांकि युवा धर्म संसद में उनकी मौजूदगी अभी तय नहीं है। 25 लाख दीप प्रज्वलित कार्यक्रम में होंगे शामिल नितिन नवीन 17 सितंबर को उज्जैन में शिप्रा नदी किनारे सेवा संकल्प के तहत आयोजित 25 लाख दीप प्रज्वलित कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उज्जैन पहुंचने पर संगठन की ओर से उनके स्वागत की भी तैयारी की जा रही है। वे दो दिन उज्जैन में रह सकते हैं। इंदौर में युवाओं के बीच कार्यक्रम की तैयारी इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से दो दिन पहले भाजपा नितिन नवीन का बड़ा कार्यक्रम कराने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम का अंतिम स्वरूप अभी तय किया जा रहा है। इसमें युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी पर फोकस रखा जा रहा है। भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यक्रम के स्थान, आयोजन की रूपरेखा और भीड़ जुटाने की रणनीति को लेकर मंथन कर रहे हैं। विभिन्न मोर्चों और स्थानीय पदाधिकारियों को भी कार्यक्रम की तैयारी में सक्रिय किया जा सकता है। राहुल के कार्यक्रम से पहले BJP का शक्ति प्रदर्शन राहुल गांधी के 19 सितंबर के कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन होने की बात सामने आई है। ऐसे में उससे दो दिन पहले नितिन नवीन का इंदौर दौरा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा कार्यक्रम के जरिए युवाओं के बीच अपनी मौजूदगी और संगठन की ताकत दिखाने की तैयारी में है। फिलहाल इंदौर में कार्यक्रम की जगह और विस्तृत रूपरेखा को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। संगठन स्तर पर तैयारियां जारी हैं और अगले एक-दो दिन में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण उज्जैन में भागवत के दौरे को देखते हुए सोमवार को आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारकों ने मनोरमा महाकाल गार्डन पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी कार्यक्रम स्थलों और सुरक्षा के लिहाज से तय मार्गों का मुआयना किया है।
