Homeमध्यप्रदेशयुवक की लाश के पास मिले लापता लड़की के कपड़े:बगल में पड़ा...

युवक की लाश के पास मिले लापता लड़की के कपड़े:बगल में पड़ा था कंकाल; रतलाम मेडिकल कॉलेज में भिड़े परिजन, एक का सिर फूटा

मध्य प्रदेश के रतलाम में रविवार रात लापता युवक का शव मिला। पास ही एक कंकाल और लापता नाबालिग लड़की के कपड़े मिले हैं। लड़की 1 सितंबर से लापता है। पुलिस को आशंका है कि कंकाल उसी का हो सकता है, हालांकि पहचान अभी नहीं हुई है। शव और कंकाल मिलने के बाद सोमवार को दोनों पक्षों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां विवाद के बाद मारपीट और पत्थरबाजी हुई। पथराव में मृत युवक के चाचा शंकर के सिर में चोट आई। घायल शंकर को अस्पताल पहुंचाया गया। युवक का पोस्टमॉर्टम हो चुका है, जबकि कंकाल का पोस्टमॉर्टम अभी बाकी है। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए… युवक के परिजन बोले- मारपीट के बाद पत्थरबाजी मेडिकल कॉलेज में सोमवार को दोनों पक्षों के परिजन के बीच विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट और पत्थरबाजी हुई। मृत युवक के काका शंकर के सिर में चोट आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और घायल शंकर को अस्पताल ले जाया गया। शंकर ने आरोप लगाया- उनका बेटा भी लापता था। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। मेडिकल कॉलेज में लड़की के परिजन ने उनके परिवार पर हमला किया। मृतक के पिता रमेश ने भी लड़की के परिजन पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। मृतक के पिता बोले- समझौते के लिए 80 हजार लिए गए मृत युवक के पिता ने कहा- लड़के और लड़की के लापता होने के बाद लड़की के परिजन ने समझौते के लिए उनसे 80 हजार रुपए लिए थे। इसके बाद भी उनके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था। उनका भी बेटा मरा है। इसके बावजूद मेडिकल कॉलेज में उनके परिवार पर हमला किया गया। परिजन को घटना के बारे में कैसे पता चला ? दरअसल, रविवार शाम सेमलखेड़ी निवासी कुसुम पति शंकर गणावा खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें बदबू आई। पास जाकर देखा तो वहां एक शव पड़ा था। कुसुम ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना दी गई। बारिश के कारण पुलिस रात करीब 8 बजे मौके पर पहुंच सकी। वहां युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। पास ही एक कंकाल भी मिला। मृतक की पहचान सुखराम (20) पिता रमेश गणावा, निवासी ग्राम सेमलखेड़ी, थाना रावटी के रूप में हुई। उसकी पहचान पहने हुए कपड़ों से हुई। नाबालिग के परिजन ने दर्ज कराई थी शिकायत पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की के परिजन ने 1 सितंबर को रावटी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजन ने युवक पर बेटी को अपने साथ ले जाने का शक जताया था। अब युवक का शव और पास में कंकाल मिलने के बाद पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है। कंकाल के पास मिले लड़की के कपड़े कंकाल के पास नाबालिग लड़की के कपड़े मिले हैं। केवल कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान नहीं की जा सकती। उसकी वास्तविक पहचान जांच और डीएनए टेस्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। घटनास्थल पर पुलिस को शव के पास सल्फास की डिब्बी भी मिली है। गांव में बढ़ाई जा रही सुरक्षा रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया ने बताया- युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि कंकाल की पहचान अभी बाकी है। मेडिकल कॉलेज में हुए हंगामे के बाद गांव में सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, ताकि दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद न हो। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल समेत पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर चुके हैं। पुलिस दोनों मृतकों के परिजन से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच में सुखराम की मौत कैसे हुई, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here