भोपाल में नवरात्रि से पहले हिन्दू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने गरबा आयोजकों से पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर नियमित पूजा-अर्चना करने का आग्रह किया है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि जहां भी गरबे का आयोजन हो रहा है, वहां मां दुर्गा की प्रतिमा व्यवस्थित रूप से स्थापित की जाए। सुबह-शाम प्रतिमा की आरती हो और इसके बाद धार्मिक गीतों और भजनों पर गरबा कराया जाए। वराह पूजन और पंचगव्य के बाद मिले प्रवेश चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि गरबा पंडाल के प्रवेश द्वार पर भगवान विष्णु के वराह अवतार की प्रतिमा स्थापित की जाए। प्रवेश से पहले वराह भगवान का पूजन कराया जाए और पंचगव्य ग्रहण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पंचगव्य में गाय का दूध, दही, घी, गोबर और गोमूत्र शामिल होता है। तिवारी ने दावा किया कि पंचगव्य ग्रहण करने से व्यक्ति का शुद्धिकरण होता है और इससे गरबा स्थल पर विधर्मियों के प्रवेश को रोका जा सकेगा। गरबा आयोजकों से हिंदू उत्सव समिति की अपील चंद्रशेखर तिवारी ने गरबा आयोजकों से आयोजन को पारंपरिक स्वरूप में रखने की अपील भी की। तिवारी ने कहा कि गरबा मां की आराधना का पर्व है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की अश्लीलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आयोजकों से दुर्गा प्रतिमा की स्थापना और धार्मिक स्वरूप में आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि इन बातों का ध्यान नहीं रखा गया तो समिति को कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
