इंदौर में शनिवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। शहर में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। दिनभर बादल छाए रहे और शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई। हालांकि, देर शाम अचानक बारिश ने जोर पकड़ लिया, जिससे सड़कों पर पानी बहता नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे तक शहर में करीब आधा इंच बारिश दर्ज की जा चुकी थी। इसके साथ ही इस मानसून सीजन में अब तक इंदौर में करीब 22 इंच बारिश हो चुकी है। दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश के बाद शाम को हुई तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश के कारण कुछ देर के लिए शहर के बंगाली चौराहा, पाटनीपुरा, विजय नगर में जाम की स्थिति बनी। हालाकि कुछ ही मिनटों में जाम खुल गया। कई इलाकों में कुछ देर के लिए बारिश का दौर तेज रहा। लोगों को उमस और गर्मी से भी राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, रात में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी है। बारिश के चलते शाम के समय सड़कों पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई। मौसम के अगले कुछ घंटों में और सक्रिय रहने की संभावना है।
