Homeमध्यप्रदेशसागर में जहरीली शराब मामले में 26 पेटी शराब जब्त:आरोपी चंदू की...

सागर में जहरीली शराब मामले में 26 पेटी शराब जब्त:आरोपी चंदू की निशानदेही पर खुदाई में मिली; 1128 जले क्वार्टर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोकलेन भी जब्त

सागर के बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को गिरफ्तार आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू को पुलिस क्राइम स्पॉट पर लेकर पहुंची। यहां आरोपी ने जमीन के अंदर शराब दबाकर रखने और कुछ शराब नहर में फेंकने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खुदाई कराई, जिसमें 26 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार मौके से 1128 जले हुए क्वार्टर भी मिले हैं। आरोपियों ने शराब को नष्ट करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोकलेन मशीन का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है। चंदू की निशानदेही पर शराब और जले क्वार्टर मिले पुलिस ने आरोपी चंदू से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कार्रवाई की। इसमें करीब 1.30 लाख रुपए कीमत की 26 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा 1128 जले हुए क्वार्टर मिले। शराब को नष्ट करने में इस्तेमाल 12 लाख रुपए कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली और करीब 40 लाख रुपए कीमत की पोकलेन मशीन भी जब्त की गई है। पुलिस अब शराब के स्रोत, भंडारण, परिवहन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आईजी ने मौके पर पहुंचकर आरोपी से की पूछताछ कार्रवाई के दौरान सागर संभाग के नवागत आईजी इरशाद वली भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और मौके पर मौजूद आरोपी चंदू से पूछताछ की। आईजी ने बताया कि जहरीली शराब मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एसपी अनुराग सुजानिया, एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया और एएसपी नरेंद्र सोलंकी भी मौजूद रहे। देवरी के डिलोना में 45 किलो महुआ लाहन जब्त अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चल रही कार्रवाई में देवरी के ग्राम डिलोना में भी दबिश दी गई। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने राजा भैया लोधी के पुराने खंडहर मकान की तलाशी ली। मकान में रखे तीन कुप्पों से करीब 45 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाना था। टीम ने महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कराया। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। हीरापुर में मकान से 2.80 लाख की विदेशी शराब मिली पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम हीरापुर में एक मकान पर दबिश देकर 261 बल्क लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की। इसकी कीमत करीब 2.80 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकान का इस्तेमाल अवैध शराब के गोदाम के रूप में किया जा रहा है। जांच में इस शराब का संबंध बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से बताया गया है। मकान से ओल्ड मोंक, लंदन प्राइड, ब्लेंडर्स प्राइड, गोवा रम, व्हाइट मिश्चिफ, रॉयल सिलेक्ट, फॉक्स ऑरेंज, 8 पीएम, महावत, रॉयल स्टैग, ग्रीन लेबल और ब्लैक फोर्ट रम समेत विभिन्न ब्रांड की शराब मिली। आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले से जुड़ी खबर इरशाद वली बने सागर IG, शराबकांड की न्यायिक जांच होगी:CM बोले-फांसी, उम्रकैद की धारा लगाएं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जहरीली शराबकांड की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही इरशाद वली को सागर का नया आईजी बनाया है। वहीं, दिलीप कुमार संभागायुक्त का पद संभाल चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here