मध्य प्रदेश के रीवा में बुधवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुढ़ नेशनल हाईवे-39 पर बदवार स्टैंड के पास पवन ट्रैवल्स की बस और बल्कर की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें एक बच्ची लापता है। हादसा बुधवार शाम करीब 5 बजे हुआ। पवन ट्रैवल्स की बस रीवा से सीधी जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे बल्कर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बल्कर पलट गया, जबकि बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। देखिए ये तस्वीरें… बस में करीब 40 यात्री सवार थे हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे यात्रियों और अन्य घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में गंभीर घायलों का इलाज चल रहा है। प्रशासन हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। बारिश से सड़क पर फिसलन, स्पीड में था बल्कर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बारिश हो रही थी। सड़क पर काफी फिसलन थी। बल्कर तेज रफ्तार में था। फिसलन के कारण ड्राइवर वाहन को कंट्रोल नहीं कर पाया और आगे चल रही बस को पीछे से टक्कर मार दी। रोज करीब 240 किलोमीटर का सफर करती है बस जिस बस को बल्कर ने टक्कर मारी, वह रोज करीब 240 किलोमीटर का सफर करती है। यह बस रीवा से होकर चुरहट, बघोर, सीधी, पटपरा और अमिलिया तक जाती थी। हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालकों की भूमिका की जांच की जा रही है। 3 साल की बच्ची लापता, मां घायल रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हादसे के बाद 3 साल की एक बच्ची लापता है। उसकी मां हादसे में घायल हुई है और फिलहाल वह कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। कलेक्टर ने बताया कि- आशंका है कि बच्ची गड्ढे में दबी हो सकती है। गड्ढा ज्यादा गहरा नहीं है, लेकिन उसमें दलदल है। रेस्क्यू टीम बच्ची की तलाश में जुटी है। फिलहाल बच्ची के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के लापता होने की जानकारी नहीं है। CM ने मृतकों के परिजन-घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों को 1-1 लाख रुपए देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है। क्या होता है बल्कर? बल्कर एक विशेष प्रकार का बड़ा वाहन है, जिसका इस्तेमाल खुले या भारी सामान के परिवहन में किया जाता है। इसका उपयोग आमतौर पर सीमेंट, फ्लाई ऐश या अन्य पाउडर जैसी सामग्री को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में किया जाता है। बल्कर में विशेष कंप्रेसर लगा होता है, जिसकी मदद से हवा के दबाव से सीमेंट जैसी सामग्री को लोड और अनलोड किया जाता है।
………………………….. ये खबर भी पढ़ें… बाइक सवार परिवार को बोलेरो ने कुचला, 3 की मौत धार में तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 32 वर्षीय अंतर सिंह, उनका 4 वर्षीय बेटा अशोक और काका ससुर भूरा सिंह शामिल हैं। पढे़ं पूरी खबर…
