पिपरिया के मोहगांव के पास मंगलवार रात बस और कार की टक्कर में 30 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में घायल 15 लोगों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं, 9 घायलों को पिपरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन यात्रियों को हाथ-पैर और सिर में आई चोटें बीएमओ राजकुमार देजवार ने बताया कि हादसे में गंभीर घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। गंभीर घायलों में पचमढ़ी निवासी पुरुषोत्तम (59), सुमित (38), सुलेखा (37), मनीष (19), करण (56), चेतना (6) और पुष्पा (36) शामिल हैं। इसके अलावा भोपाल की सुलेखा (45), श्रीधाम की रज्जो (50), मटकुली के अनिल (42), पिपरिया की पार्वती (47), जबलपुर के छोटेलाल (50), केशला के ललित (35) और कार चालक श्वेतांक राय को भी रेफर किया गया है। यात्री बोला-तेज रफ्तार में थी बस बस में सवार यात्री मनीष ठाकुर ने आरोप लगाया कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। उनके मुताबिक, टक्कर के बाद बस की रफ्तार और बढ़ गई और वह पलट गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से उतरकर फरार हो गया। बस पलटने से मची अफरा-तफरी स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि पटेरिया बस (एमपी 05 पीओ 282) और कार के बीच टक्कर हुई थी। टक्कर के बाद बस पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विधायक और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम आकिप खान, विधायक ठाकुरदास नागवंशी, कांग्रेस नेता हरीश बेमन, समाजसेवी मनीष पलिया, तहसीलदार वैभव बैरागी और नायब तहसीलदार श्याम सिंह तारे अस्पताल पहुंचे। अधिकारी देर रात तक घायलों की मदद में जुटे रहे। एंबुलेंस की व्यवस्था कर गंभीर घायलों को आगे के इलाज के लिए रेफर कराया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
