मध्य प्रदेश के सतना जिले में मंगलवार शाम तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी। परिवार सड़क पर 25 से 30 फीट तक घसीटता चला गया। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई। हादसा सतना-उचेहरा मार्ग पर हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 33 वर्षीय धीरज कुशवाहा और उनके 8 वर्षीय बेटे अयांस के रूप में की गई है। धीरज की घायल पत्नी का नाम सुनीता कुशवाहा है। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए… ससुराल जाते समय हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, इचौल निवासी धीरज कुशवाहा अपनी पत्नी सुनीता और अयांस के साथ स्कूटी से अपनी ससुराल जसो जा रहे थे। परिवार उचेहरा की तरफ से मैहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सतना-उचेहरा मार्ग पर शहस्रबाहु ढाबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। करीब 30 फीट घसीटते ले गई बस बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि धीरज करीब 30 फीट घसीटते सड़क के किनारे फेंका गया। वहीं बेटा अयांस भी घिसटते हुए बस के साथ आगे बढ़ गया। बस के टायर के नीचे आ गया। पिता-पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। रो-रोकर मां बोली- कोई तो मेरे बेटे को बचा लो बस के कुचलने के बाद का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि बच्चा बस की टायर के नीचे दबा है। मां चीख-चीखकर रो रही है। कह रही है- कोई तो मेरे बेटे को बचा लो। छाती पीट-पीटकर रोती है, फिर खुद को जमीन पर पटक लेती है। इसके बाद बड़ी संख्या में भीड़ जुट जाती है। लोग बस को धक्का देकर पीछे धकेलते हैं। इसके बाद चीखती-चिल्लाती मां अपने बेटे की लाश को खींचकर बाहर निकालती है। बेटे के मुंह से खून बह रहा था। बेटे को सीने से चिपकाकर रोने लगती है। उठ जाओ-उठ जाओ कहते दिख रहे परिजन वहीं, सड़क पर दूसरी तरफ पति की लाश पड़ी थी। पति के हाथ-पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। साथ में मौजूद परिजन महिला के पति को उठ जाओ-उठ जाओ कहता नजर आ रहा है, लेकिन बहुत ज्यादा ब्लिडिंग से वह दम तोड़ चुका था। पति की लाश के पास पहुंचकर महिला रोने लगती है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा उचेहरा टीआई सतीश मिश्रा ने बताया- हादसे की सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची। पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बस जब्त कर आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। ……………………………………….. यह खबर भी पढ़ें एमपी में रोज 142 एक्सीडेंट, 40 मौतें हो रहीं मध्य प्रदेश की सड़कों पर हर रोज औसतन 142 एक्सीडेंट हो रहे हैं। रोजाना करीब 40 लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। लोकसभा में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा पेश किए गए ताजा आंकड़ों ने एमपी सहित पूरे देश में सड़क सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। पढ़ें पूरी खबर…
