भिंड के सदर बाजार में मंगलवार शाम किराना व्यापारी को चार बदमाश दुकान से जबरन उठाकर काली स्कॉर्पियो से ले गए। व्यापारी के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। अटेर थाना पुलिस ने व्यापारी को चार आरोपियों के कब्जे से मुक्त करा लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपए के लेन-देन के विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस अब चारों आरोपियों की पहचान कर रही है। व्यापारी से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। दुकान में घुसे दो बदमाश, हाथ पकड़कर गाड़ी में बैठाया घटना मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे सदर बाजार स्थित किराना दुकान की है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में काली स्कॉर्पियो दुकान के सामने रुकती दिखाई दे रही है। इसके बाद दो युवक गाड़ी से उतरकर दुकान के अंदर जाते हैं। दोनों व्यापारी 42 वर्षीय नितेश जैन पुत्र पदमचंद जैन को जबरन हाथ पकड़कर बाहर लाते हैं। इसके बाद उन्हें स्कॉर्पियो में बैठाकर ले जाते हैं। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों और स्कॉर्पियो की तलाश शुरू की। डेढ़ से दो करोड़ के लेन-देन का विवाद पुलिस की शुरुआती जांच में व्यापारी को ले जाने के पीछे लेन-देन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि व्यापारी के परिवार से जुड़े लोगों के बीच काफी समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते व्यापारी को दुकान से उठाकर ले जाने की बात सामने आई है। परिवार की ओर से पहले चार करोड़ रुपए की मांग किए जाने की बात भी कही गई थी। हालांकि, पुलिस अब लेन-देन से जुड़े विवाद और वास्तविक रकम की जानकारी जुटा रही है। अटेर पुलिस ने व्यापारी को छुड़वाया CSP निरंजन राजपूत ने दैनिक भास्कर को बताया कि शुरुआती जानकारी में मामला लेन-देन के विवाद से जुड़ा है। इसी विवाद के चलते कुछ लोग किराना व्यापारी को दुकान से उठाकर ले गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाश शुरू की। अटेर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यापारी को चार आरोपियों के कब्जे से मुक्त करा लिया। फिलहाल चारों आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। सीसीटीवी के आधार पर जांच जारी पुलिस व्यापारी से पूछताछ कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। एफआईआर दर्ज किए जाने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और स्कॉर्पियो की जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना और आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्य स्पष्ट होंगे।
