ग्वालियर के थाना क्षेत्र के तानसेन नगर से दो परिचितों द्वारा एक युवक का अपहरण कर 3 लाख रुपए की फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 घंटे के भीतर मोबाइल लोकेशन के आधार पर शिवपुरी के बैराड़ से युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना सोमवार दोपहर की है, जबकि पुलिस ने मंगलवार सुबह युवक को मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस की टीम उसे और गिरफ्तार आरोपी को लेकर ग्वालियर लौट आई। पत्नी के मोबाइल पर मैसेज भेजकर मांगी 3 लाख की फिरौती पुलिस के मुताबिक, तानसेन नगर निवासी वीरू करण (पुत्र रामशंकर करण) एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। सोमवार दोपहर वह घर पर था, तभी उसके दो परिचित युवक वहां पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। शाम को वीरू के मोबाइल नंबर से उसकी पत्नी के फोन पर वाट्सऐप मैसेज आया। इसमें बताया गया कि वीरू का अपहरण कर लिया गया है और उसे छोड़ने के बदले 3 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। मैसेज मिलते ही परिजन घबरा गए और तुरंत ग्वालियर थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। अपहरण और फिरौती की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। CCTV और मोबाइल लोकेशन से शिवपुरी पहुंची पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा और एसआई अजय सिकरवार के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तानसेन नगर और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। इसमें दो संदिग्ध युवक वीरू को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने वीरू के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो शिवपुरी जिले के बैराड़ में मिली। इसके आधार पर पुलिस की दोनों टीमें बैराड़ पहुंचीं और आरोपियों की तलाश शुरू की। दबिश देकर युवक को छुड़ाया, एक आरोपी गिरफ्तार पुलिस टीमों ने सटीक लोकेशन मिलने के बाद संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस ने सबसे पहले वीरू को सुरक्षित मुक्त कराया और मौके से वरुण बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी अरुण बंजारा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपियों को पकड़ने और युवक को सुरक्षित मुक्त कराने में आरक्षक अशोक गुर्जर, बृज सिंह, नागर गुर्जर और गिर्राज शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीएसपी ने कहा- एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि अपहृत युवक को शिवपुरी के बैराड़ से सकुशल मुक्त करा लिया गया है। मामले में शामिल वरुण बंजारा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी अरुण बंजारा फरार है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
