इंदौर के पास खुड़ैल इलाके में सोमवार शाम सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। दूधिया के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके पेट के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खुड़ैल पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभिषेक कजले (17), निवासी नंदन कुसुमिया गांव, देवास के रूप में हुई है। सोमवार शाम करीब 7 बजे अभिषेक अपने जीजा हर्ष ठाकुर के साथ बाइक से देवास से इंदौर आ रहा था। दूधिया के पास उनकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे हर्ष को भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, अभिषेक इंदौर की एक चॉकलेट फैक्ट्री में काम करता था और दूधिया के पास अपनी दीदी और जीजा के साथ रहता था। परिवार के अन्य लोग भी पीछे से आ रहे थे बताया गया है कि अभिषेक के परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग बाइकों से गांव से इंदौर आ रहे थे। हादसे के बाद जब वे घटनास्थल पर रुके तो उन्हें अभिषेक के दुर्घटना में घायल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
