मंडला जिले के मवई विकासखंड स्थित अमवार शासकीय प्राथमिक स्कूल का 27 अगस्त को एक वीडियो सामने आया था। इसमें बच्चे पढ़ाई के बजाय स्कूल परिसर और शौचालयों की सफाई करते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया है और चार शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वायरल वीडियो में कुछ बच्चे स्कूल के शौचालय साफ करते हुए, जबकि कुछ कक्षाओं में झाड़ू लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कुल सात शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें तीन अतिथि शिक्षक शामिल हैं। वीडियो सामने आने के बाद जब विद्यालय की स्थिति की जांच की गई, तो मौके पर केवल तीन अतिथि शिक्षक ही उपस्थित पाए गए। बच्चों से शौचालय और कक्षाओं की सफाई कराए जाने पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि शासन द्वारा विद्यालयों की साफ-सफाई के लिए पर्याप्त राशि और संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, इसके बावजूद बच्चों से यह काम कराया जा रहा था। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) अशोक शुक्ला ने बताया कि यह मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है। स्कूल के चार शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। शिक्षकों के जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित था मवई के प्रभारी बीईओ लालजी उइके ने अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के संबंध में जानकारी दी। उनके अनुसार, चार शिक्षकों में से एक कार्यालयीन कार्य से बीआरसी कार्यालय गए थे, दो शिक्षक अवकाश पर थे, जबकि एक शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाया गया। उइके ने बताया कि दो शिक्षकों के कारण बताओ नोटिस के जवाब प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, एक साथ दो शिक्षकों का अवकाश स्वीकृत करने पर संकुल प्राचार्य को भी नोटिस जारी किया गया है। बच्चों से सफाई कराए जाने के इस मामले में अब विभागीय जांच और आगामी कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।
