दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल से सीमेंट से लदा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। हादसा शुक्रवार देर रात हुआ। सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में ट्रक देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे गिरा जानकारी के अनुसार इंदौर पासिंग ट्रक कटनी से सीमेंट लेकर दमोह की ओर जा रहा था। चीलघाट नदी के पुल पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। वह पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा। नदी में गिरने के बाद ट्रक उल्टा हो गया। सुबह स्थानीय लोगों की नजर नदी में पड़े ट्रक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ट्रक के आसपास कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद दमोह से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। दो लोगों के फंसे होने की आशंका पुलिस के अनुसार ट्रक में दो लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि नदी में पानी अधिक होने के कारण अभी तक किसी व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है। ट्रक को सीधा करने के लिए दमोह से क्रेन भी बुलाई जा रही है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि ट्रक के अंदर कितने लोग थे। उफनती नदी में रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण चीलघाट नदी पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण उफान पर है। पुल से नदी की गहराई करीब 40 फीट होने के कारण एसडीआरएफ टीम को रेस्क्यू में परेशानी आ रही है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।
