तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचने के लिए खंडवा की ओर से जाने वाले श्रद्ध्रालुओं के लिए सनावद-कोठी-ओंकारेश्वर रोड महत्वपूर्ण सड़क है। सनावद से ओंकारेश्वर की कुल दूरी 10 किमी है। एमपीआरडीसी द्वारा सड़क का रखरखाव नहीं किए जाने से जर्जर हो चुकी है। इस कारण श्रद्धालुओं को 17 किमी का अतिरिक्त फेरा लगाकर ओंकारेश्वर जाना पड़ रहा है, क्योंकि सनावद से मोरटक्का 5 किमी और मोरटक्का से ओंकारेश्वर 12 किमी यानी कुल 17 किमी की दूरी भोपाल-खंडवा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को तय करनी पड़ रही है। खंडवा से सनावद पहुंचने वाले श्रद्धालु सीधे कोठी की ओर न जाकर अब वाया मोरटक्का से तीर्थनगरी ओंकारेश्वर की ओर आवाजाही कर रहे हैं। यहीं क्रम भोपाल से वाया पुनासा होकर सनावद आने वाले श्रद्धालुओं को भी दोहराना पड़ रहा है। सनावद से कोठी-ओंकारेश्वर तिराहे तक सड़क की कुल दूरी लगभग 8 किमी है। यहीं हिस्सा पूरी तरह से खराब हो चुका है। अब इस सड़क का नाम स्टेट हाईवे (41-ए) है। पिछले तीन सालों से हैंडओवर लेने के बाद एमपीआरडीसी ने सड़क का रिन्युअल नहीं कराया।
