मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भांजियों से बोले मामा- ऑलराउंडर बनिए
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्रिकेट की जुबां में जिंदगी का फलसफा समझाया। वे दिल्ली के एक कॉलेज में छात्राओं से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा- जिंदगी एक पिच है और वक्त गेंदबाज। कभी स्पिन डालेगा, कभी गुगली और कभी बाउंसर मारेगा। लेकिन इन हालात से पार पाने के लिए हमें ऑलराउंडर बनना पड़ेगा। अब चूंकि बात राजनीति वाले मामा जी की है और मामला क्रिकेट का है, तो लोग इस सीख के सियासी मायने भी निकाल रहे हैं। कह रहे हैं कि शिवराज सिंह चौहान सियासत की पिच के पुराने और अनुभवी खिलाड़ी हैं। कभी इसी पिच पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे। फिर वक्त ने ऐसी गेंद फेंकी कि मामा जी की पारी पर ब्रेक लग गया। इसके बाद एक और गेंद आई और उनकी भूमिका ही बदल गई। शायद इसीलिए मामा जी ने छात्राओं से कहा- ऑलराउंडर बनिए। क्योंकि जिंदगी हो या सियासत… पता नहीं अगली गेंद स्पिन होगी, गुगली होगी या बाउंसर। पानी में डूबी सड़क पर विधायक का धरना
सियासत में सुर्खियां बटोरने और जनता के जेहन में बने रहने के लिए नेताओं को क्या-क्या नहीं करना पड़ता। अब ग्वालियर में कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर ने पानी में डूबी सड़क पर ही आसन जमा लिया। हुआ यूं कि लगातार बारिश के बाद ग्वालियर के शंकरपुर इलाके की सड़कें जैसे स्विमिंग पूल में तब्दील हो गईं। जगह-जगह जलभराव हो गया। हालात देखने कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर मौके पर पहुंचे और पानी में ही धरने पर बैठ गए। फिर अपने इस प्रदर्शन को फेसबुक पर लाइव भी किया। विधायक ने जलभराव के लिए नगर निगम की बदइंतजामी को जिम्मेदार ठहराया। विधायक जी पानी में बैठे तो नगर निगम के अधिकारी भी दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी पानी में बैठकर समस्या का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया। अब इस पूरे मामले में दिलचस्प बात ये है कि ग्वालियर नगर निगम में कांग्रेस की ही सरकार है। यानी कांग्रेस विधायक अपने ही दल की महापौर की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। लोग कह रहे हैं- यही तो सियासत है साहब… जनता की परेशानी में मुद्दा दिखे, तो पानी में भी उतरना पड़ता है। सड़क पर हुए गड्ढे का फीता काटकर उद्घाटन
इंदौर में एक सड़क धंसने से वहां करीब 20 फीट गहरा गड्ढा हो गया। फिर क्या था, गड्ढा बना तो हाथों-हाथ सियासत भी शुरू हो गई। कांग्रेस ने इसका अनोखे अंदाज में विरोध किया। बाकायदा फीता काटकर सड़क पर हुए इस गड्ढे का उद्घाटन कर दिया। इतना ही नहीं, महापौर के नाम पर इसका नामकरण भी कर डाला। मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव की फोटो लगाई गई और उन्हें माला भी पहनाई गई। हालांकि नगर निगम ने सड़क धंसने की अलग वजह बताई, लेकिन तब तक गड्ढे की गहराई से ज्यादा मामला सियासत में गहरा चुका था और नगर निगम की किरकिरी भी हो गई। वैसे खरी बात ये है कि बारिश ने प्रदेशभर की सड़कों की सूरत बिगाड़ दी है। जगह-जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। कहीं गड्ढे हैं तो कहीं सड़क ही नजर नहीं आ रही। ऐसे में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठना लाजिमी है। जब सड़कों के गड्ढों को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सारी सड़कें अच्छी गुणवत्ता की बन रही हैं। अब लोग कह रहे हैं कि मंत्री जैसा बोल रहे हैं, वैसा होता तो उनसे ये सवाल ही क्यों होता। इनपुट सहयोग – अरुण मोरे (ग्वालियर), अमित सालगट (इंदौर), विजय सिंह बघेल (भोपाल) ये भी पढ़ें –
मुख्यमंत्री ने किसे कहा आसुरी शक्तियां: फिर मार्केट में आया सिंधिया का पुराना डायलॉग मध्य प्रदेश में महंगाई के खिलाफ बने माहौल में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक पुराना वीडियो फिर चर्चा में आ गया है। इसमें वे कहते नजर आ रहे हैं- खा गए शक्कर, पी गए तेल… यही है भाजपा का असली खेल। यह वीडियो उस दौर का है, जब सिंधिया कांग्रेस में थे। पूरी खबर पढ़ें
