देश में 50 मॉडल शहर विकसित करने की तैयारी है, जिन्हें गार्बेज फ्री सिटी के आदर्श उदाहरण के रूप में तैयार किया जाएगा। संभावित सूची में इंदौर का शामिल होना तय माना जा रहा है। लगातार आठवीं बार स्वच्छता में नंबर-1 रहे इंदौर को कचरा मुक्त शहर के साथ पर्यटन, धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्वच्छ ऊर्जा की खूबियों वाले मॉडल शहर के रूप में विकसित करने की तैयारी है। गुरुवार को दिल्ली में हुई बैठक में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने इंदौर के स्वच्छता मॉडल और नवाचारों की जानकारी दी। मंत्रालय को स्वच्छता, सौर ऊर्जा और ऊर्जा साक्षरता से जुड़ी जानकारियां भी दी गई हैं। तय पैमानों के आधार पर केंद्र की टीम जल्द इंदौर आकर अध्ययन कर सकती है। निगम ने मंत्रालय को दी मॉडल सिटी की जानकारी प्रस्तावित मॉडल सिटी में स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को शामिल किया जा रहा है। इनमें सूरत, अहमदाबाद, नवी मुंबई, जयपुर, विशाखापट्टनम, तिरुवनंतपुरम और भुवनेश्वर जैसे शहरों के नाम भी सामने आए हैं।
