मंडला जिले में जिले में फेल्सीफेरम मलेरिया से युवक (18) की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। खारी बबलिया माल क्षेत्र के साजपानी गांव निवासी राहुल यादव रक्षाबंधन पर उज्जैन से घर लौटा था। तबीयत बिगड़ने पर उसे मंडला के कटरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कटरा अस्पताल के निदेशक शिलानंद टोप्पो ने बताया कि राहुल यादव (18) को गुरुवार को गंभीर और बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। जांच में फेल्सीफेरम मलेरिया की पुष्टि हुई। राहुल को आईसीयू में भर्ती कर उपचार दिया गया, लेकिन रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। गांव में घर-घर होगी मलेरिया की जांच युवक की मौत की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने टीम साजपानी भेजी है। सीएमएचओ डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि बीएमओ नारायणगंज और मलेरिया विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों की जांच करेगी। टीम मरीजों की जांच और उपचार के साथ ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के तरीके भी बताएगी। क्षेत्र में फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव भी कराया जाएगा। निजी अस्पतालों से भी जुटाया जा रहा डेटा सीएमएचओ ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर उल्टी-दस्त और मलेरिया के मरीजों की जानकारी रोज जुटाई जा रही है। अब निजी अस्पताल, क्लीनिक और लैब से भी मरीजों का डेटा लिया जा रहा है। जिले की स्थिति पर नजर रखने के लिए जिला स्तर पर कोर टीम बनाई गई है। यह टीम दिन में दो बार अलग-अलग स्रोतों से जानकारी जुटाएगी। अब तक करीब 40 पॉजिटिव मरीज मिले स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में मलेरिया की जांच के लिए लगातार स्लाइड तैयार की जा रही हैं। अब तक करीब 40 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है और उनका उपचार जारी है। पूर्व से चिन्हित मलेरिया हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। विभाग ने लोगों से बुखार या मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच और उपचार कराने की अपील की है।
