खरगोन जिले के बड़वाह में श्रावण मास के चौथे और अंतिम सोमवार को शिवालयों में अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा नगर दिनभर गुंजायमान रहा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। आनंदेश्वर महादेव का अलौकिक अर्धनारीश्वर श्रृंगार एमजी रोड स्थित प्रसिद्ध आनंदेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। शाम के समय बाबा का अलौकिक ‘अर्धनारीश्वर’ स्वरूप में भस्म श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यह विशेष श्रृंगार भक्त वैष्णवी आकाश गर्ग द्वारा करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया गया था। शिव और शक्ति के संतुलन का संदेश श्रृंगार करने वाली वैष्णवी गर्ग ने बताया कि अर्धनारीश्वर स्वरूप भगवान शिव और माता पार्वती का संयुक्त रूप है। यह स्वरूप संपूर्ण सृष्टि में नर और नारी के संतुलन तथा एक-दूसरे की पूरकता का शाश्वत आध्यात्मिक संदेश प्रदान करता है। दिव्य दर्शन को संजोने के लिए मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भजन मंडलियों और अन्य मंदिरों में भी रही धूम दोपहर के समय मंदिर परिसर में महिला मंडलों द्वारा भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाते आनंदेश्वर मंदिर के अलावा नगर के नटेश्वर मंदिर, कंवर कॉलोनी शिव मंदिर और हरिॐ आश्रम में भी देर रात तक जलाभिषेक, आरती व अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा।
