कटनी में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की फर्म से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी के मामले में रंगनाथ नगर पुलिस ने मुंबई से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों स्काई लाइम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर हैं। जांच में पता चला है कि ठगी की रकम में से लगभग 1 करोड़ 16 लाख रुपए इसी कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के पालघर निवासी रिजवान मलिक और पालघर के नाला सुपारा निवासी मो. अब्दुल जब्बार उर्फ साहिल के रूप में हुई है। ग्वालियार का दीपक रिमांड पर इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ग्वालियर के सिपरी क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी दीपक यादव को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस की कुछ टीमें अन्य जिलों के लिए रवाना की गई हैं। पुलिस को आशंका है कि स्काई लाइम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पीछे ठगी का कोई मुख्य सरगना हो सकता है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपियों तक अभी टीमें नहीं पहुंच पाई हैं। दूसरे राज्य भेजी पुलिस टीम जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भी भेजी गई हैं। पुलिस ठगी की रकम के लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ और जांच के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
